प्रदेश के मुख्य सचिव ने किसानों को लेकर कृषि विभाग को दिए ये विशेष निर्देश
प्रदेश के मुख्य सचिव ने किसानों को लेकर कृषि विभाग को दिए ये विशेष निर्देश
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। राज्य में किसानों को राहत देने के लिए राजस्थान सरकार ने उर्वरक, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक लेकर कृषि समेत सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी हाल में खाद और ईंधन की कमी नहीं होनी चाहिए।
किसानों के लिए उर्वरक आपूर्ति पर फोकस
मुख्य सचिव श्रीनिवास ने कहा कि प्रदेश में यूरिया और डीएपी सहित सभी उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों तक समय पर खाद पहुंचे और किसी भी जिले में कमी की स्थिति न बने। साथ ही नैनो यूरिया और बायो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है, जिससे लागत कम हो और उत्पादन बेहतर हो सके।
कालाबाजारी और डाइवर्जन पर सख्ती
सरकार ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों की कालाबाजारी और डाइवर्जन को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए विभागीय स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक खपत वाले जिलों में विशेष रूप से पर्याप्त सप्लाई बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
‘धरती माता बचाओ’ अभियान पर जोर
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने ‘धरती माता बचाओ अभियान’ को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि संतुलित उर्वरक उपयोग और टिकाऊ खेती को बढ़ावा मिल सके। कुल मिलाकर, सरकार का फोकस किसानों को समय पर संसाधन उपलब्ध कराकर खेती को बिना बाधा जारी रखने पर है।