राजस्थान के 8 जिलों में लू का अलर्ट, बचाव के लिए ए़डवाइजरी जारी 

नई दिल्ली 20-Apr-2026 01:15 PM

राजस्थान के 8 जिलों में लू का अलर्ट, बचाव के लिए ए़डवाइजरी जारी 

(सभी तस्वीरें- हलधर)

मौसम विभाग के अनुसार, खैरथल तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, चूरू, अलवर, भरतपूर, डीग, धौलपुर और झुंझनूं में लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं, भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए आपदा प्रबंधन, सहायता और नागरिक सुरक्षा विभाग ने आमजन की सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग की तरफ से जारी निर्देशों की मदद से सावधानी अपनाकर लू से बचाव किया जा सकता है।

लू से बचाव के उपाय

लू से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हाइड्रेटेशन के लिए ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी और छाछ जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करें। हल्के रंग के, ढीले सूती कपड़े पहनें और घर से बाहर निकलते समय सिर ढकने के लिए कपड़े, टोपी या छतरी का उपयोग करें । आंखों की सुरक्षा के लिए धूप के चश्मे का प्रयोग करें और त्वचा की सुरक्षा के लिए सनस्क्रीन लगाएं। चक्कर आने या अस्वस्थ महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।

इन बातों का भी रखें ध्यान

विभाग ने आदेश दिए हैं कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में बाहर जाने से बचें और अगर बाहर हों तो भारी काम न करें। नंगे पांव बाहर न जाएं। शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड शीतल पेय पदार्थों के सेवन से बचें क्योंकि ये शरीर को डिहाइड्रेट करते हैं। साथ ही, अधिक प्रोटीन वाले भोजन से बचें और बासी भोजन न करें। बच्चों या पालतू जानवरों को कभी भी बंद या पार्क किए गए वाहन में अकेला न छोड़ें, वे गर्म हवा से प्रभावित हो सकते हैं। दिन के सबसे गर्म समय में खाना पकाने से बचें और रसोई को हवादार रखने के लिए दरवाजे और खिड़कियां खुली रखें।

श्रमिकों और मवेशियों का रखें खास ख्याल 

निर्देशानुसार नियोक्ता कार्यस्थलों पर ठंडे पेयजल का प्रबंध करें। श्रमिकों के आराम के लिए छाया, साफ पानी, छाछ, आइस पैक के साथ प्राथमिक चिकित्सा किट और ओआरएस का प्रबंध रखें। श्रमसाध्य काम दिन के कम ताप वाले समय में ही करें। मवेशियों को छाया में रखें और उन्हें पीने के लिए पर्याप्त, स्वच्छ और ठंडा पानी दें। जानवरों से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच काम न लें। जानवरों के शेड की छत को पुआल से ढक दें, और तापमान कम करने के लिए इसे सफेद रंग या चूने से रंग दें या गोबर से लीप दें ।

लू लगने पर प्राथमिक उपचार 

लू से प्रभावित व्यक्ति के शरीर का तापमान कम करने के लिए उसके सिर पर गीले कपड़े का उपयोग करें या पानी डालें। पीड़ित को ओआरएस, नींबू पानी या शरबत पीने के लिए दें जिससे शरीर पुन: सक्रिय हो सके। व्यक्ति को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। यदि लगातार उच्च तापमान बना रहता है और सिरदर्द, चक्कर आना, कमजोरी या मतली के लक्षण स्पष्ट महसूस हों तो तुरंत टोल-फ्री नंबर 112 या 108 पर कॉल करें।


ट्रेंडिंग ख़बरें