IMD का अलर्ट, 46°C तक पहुंच सकता है राजस्थान में पारा, 11 जून से बदलेगा मौसम
IMD का अलर्ट, 46°C तक पहुंच सकता है राजस्थान में पारा, 11 जून से बदलेगा मौसम
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजस्थान में मौसम लगातार करवट ले रहा है। एक ओर कई जिलों में आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के लिए भीषण गर्मी और हीटवेव की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में सीमावर्ती इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद मौसम फिर बदल सकता है।
कोटा में तड़के आंधी-बारिश, लोगों को मिली राहत
सोमवार तड़के कोटा में मौसम ने अचानक करवट ली। रात करीब 3 बजे से सुबह 5 बजे तक तेज आंधी और बारिश का दौर चला। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और सुबह का मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ गर्मी ने फिर असर दिखाना शुरू कर दिया।
आज से घटेंगी आंधी-बारिश की गतिविधियां
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 8 जून से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश जारी रह सकती है। रविवार को भी पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और हल्की बारिश हुई।
राज्य में रविवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जोधपुर और फलौदी में न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान अजमेर में 20 डिग्री सेल्सियस रहा। अजमेर जिले के पुष्कर में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 8 से 11 जून के बीच सीमावर्ती जिलों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
विभाग ने इन क्षेत्रों में हीटवेव चलने की चेतावनी भी दी है। साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
11 जून से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में एक बार फिर आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।