रबी फसलों के लिए किसानों को बताए उत्पादन बढ़ाने के तरीके
(सभी तस्वीरें- हलधर)नई दिल्ली। रबी सीजन में फसलों की उत्पादकता बढ़ाने और मिट्टी की सेहत बचाने के लिए कृषि वैज्ञानिक अब सीधे किसानों के खेतों तक पहुंच रहे है! खेत बचाओ अभियान–रबी 2026’ के तहत कृषि विज्ञान केंद्र उजवा ने दिल्ली देहात के काजीपुर गांव में किसानों से सीधा संवाद किया। वैज्ञानिकों ने आगामी रबी सीजन के लिए गेहूं की अधिक उत्पादन क्षमता वाली उन्नत किस्मों, समय पर कृषि कार्य और आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों के इस्तेमाल की जानकारी दी।
किसानों को सरसों की नियमित निगरानी के साथ प्रमुख कीट एवं रोगों की समय पर पहचान और प्रबंधन के तरीके भी बताए गए। वैज्ञानिकों ने कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए मृदा स्वास्थ्य के अनुरूप संतुलित खाद और उर्वरक का इस्तेमाल जरूरी है।
कृषि मंत्रालय का उद्देश्य ‘लैब टू लैंड’ के जरिए वैज्ञानिक अनुसंधान और नई कृषि तकनीकों को सीधे खेत तक पहुंचाना है, ताकि रबी फसलों की लागत और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के साथ उत्पादकता बढ़ाई जा सके।