राजस्थान में मानसून फिर मेहरबान, कई जिलों में अच्छी बारिश
(सभी तस्वीरें- हलधर)प्रदेश में मानसून एक बार फिर मेहरबान है। भरतपुर और कोटा संभाग में तेज बारिश देखने को मिल रही है| लगातार बारिश से सवाई माधोपुर ,बारां, झालावाड़ में जनजीवन प्रभावित हुआ है ,वही नदी नाले उफान पर होने के चलते कई रास्ते बाधित हो गए है | जानकारी के मुताबिक सवाई माधोपुर में शहर के कई इलाकों की सड़कें डूब गई हैं। रणथंभौर में शेरपुर-खिलचीपुर की रपट पर पानी आने से सुबह रास्ता बंद हो गया। खंडार में जलभराव की स्थिति से लोग घरों में फंस गए। वहीं, झालावाड़ में तीन घंटे लगातार बारिश के बाद कालीसिंध, छापी बांध के कुल 5 गेट खोले गए हैं। बारां में सिरसा नदी उफान पर आ गई है। जयपुर और आसपास के इलाकों में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटो में सवाई माधोपुर, बारां, भरतपुर, धौलपुर, अलवर और करौली में करीब 2 इंच (50mm से अधिक) तक बारिश दर्ज की गई। बादलों की आवाजाही और लगातार बारिश के चलते राज्य के कई जिलों में दिन के तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 7 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। नए मौसम तंत्र के असर से कोटा और आसपास के जिलों में मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है। राजधानी जयपुर और आसपास के इलाकों में सुबह से ही घने काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर रिमझिम व हल्की बारिश का दौर जारी है।
जोधपुर में मानसून कमजोर रहने की संभावना
जोधपुर में आज मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है. दिनभर मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है. हालांकि स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी से इनकार नहीं किया जा सकता. पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों की तुलना में जोधपुर संभाग में बारिश की गतिविधियां कम रहने के आसार हैं. बारिश नहीं होने की स्थिति में उमस और गर्मी का असर महसूस हो सकता है. तापमान 34 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. अगले कुछ दिनों में भी जोधपुर क्षेत्र में मानसून कमजोर रहने का अनुमान है.