गेंडोली-फोलाई लिफ्ट परियोजना: टेस्टिंग में तेजी, किसानों तक जल्द पहुंचेगा पानी
गेंडोली-फोलाई लिफ्ट परियोजना: टेस्टिंग में तेजी, किसानों तक जल्द पहुंचेगा पानी
(सभी तस्वीरें- हलधर)बूंदी। गेंडोली-फोलाई लिफ्ट परियोजना का लाभ किसानों तक जल्द पहुंचाने के लिए प्रशासन ने टेस्टिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसी के अधिकारियों की बैठक लेकर शेष कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
कलक्टर ने जयपुर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों को परियोजना की टेस्टिंग के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली लाइनों की तत्काल जांच कर तकनीकी खामियों को दूर करने को कहा, ताकि टेस्टिंग प्रभावित नहीं हो।
कार्यकारी एजेंसी को शेष कार्यों के लिए मैनपावर बढ़ाकर काम की रफ्तार तेज करने के निर्देश दिए गए। कलक्टर ने स्पष्ट किया कि परियोजना का काम समय पर पूरा हो, ताकि किसानों को सिंचाई का लाभ जल्द मिल सके। बैठक में जयपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता जे.के. अग्रवाल, जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता शेर सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।