अर्णब का असर अंकुरण तक, बारिश का येलो अलर्ट, फिलहाल टाले रबी बुवाई

नई दिल्ली 29-Oct-2026 12:06 PM

अर्णब का असर अंकुरण तक, बारिश का येलो अलर्ट, फिलहाल टाले रबी बुवाई

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। राजस्थान में मौसम का बदला मिजाज पूरी तरह से बदल चुका है, जो किसानों की मुश्किल बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने आज और कल बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। नए पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग सहित पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में रबी की बुवाई में जुटे किसानों को अगले कुछ दिन विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। गौरतलब है कि राजधानी जयपुर में सुबह 11 बजे से बारिश की हल्की फुवार शुरू हो चुकी है, आकाश में बादल छाए हुए है और तापमान में गिरावट से दिन में हल्की ठंड भी महसूस हो रही है!

सरसों की नई बुवाई फिलहाल टालें

बारिश की संभावना को देखते हुए किसान सरसों सहित रबी फसलों की नई बुवाई फिलहाल टाल दें। हाल ही में बोए गए खेतों में पानी जमा होने से मिट्टी में अत्यधिक नमी बढ़ सकती है। इससे अंकुरण कमजोर होने का खतरा रहेगा। जिन खेतों में बुवाई हो चुकी है, वहां  जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करें।

कटी फसल खुले में न छोड़ें

खेत या खलिहान में खरीफ की कटी फसल और निकाला हुआ अनाज खुले में पड़ा है तो उसे तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं। ऐसा संभव नहीं हो तो फसल और अनाज को तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें। तेज हवा को देखते हुए तिरपाल को मजबूती से बांधना भी जरूरी है।

दवा-लिक्विड खाद का छिड़काव रोकें

बारिश के पूर्वानुमान के बीच किसान कीटनाशक, खरपतवारनाशी और लिक्विड खाद का छिड़काव टालें। बारिश होने पर दवा धुलने से खर्च बेकार जा सकता है और अपेक्षित असर भी नहीं मिलेगा।

पशुपालक भी रहें अलर्ट

बारिश और तेज हवाओं के दौरान पशुओं को खुले खेत, पेड़ों और कमजोर टिनशेड के नीचे बांधकर न रखें। पशुओं को सूखे और सुरक्षित बाड़े में रखें और चारे-भूसे को बारिश से बचाकर रखें । बिजली के खुले तारों या खंभों से पशुओं को दूर रखें।


ट्रेंडिंग ख़बरें