मंडियों से एक सप्ताह में होगा गेहूं उठाव, FCI को रेक और लेबर बढ़ाने के निर्देश

नई दिल्ली 09-May-2026 04:38 PM

मंडियों से एक सप्ताह में होगा गेहूं उठाव, FCI को रेक और लेबर बढ़ाने के निर्देश

(सभी तस्वीरें- हलधर)

ओम बिरला ने कोटा के सीएडी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), राजफैड, तिलमसंघ और एनसीसीएफ सहित सभी खरीद एजेंसियों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद के लिए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टोकन जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही मंडियों में पड़े गेहूं के शीघ्र उठाव के लिए आगामी दिनों में पर्याप्त संख्या में रेक लगाने को कहा।

लोकसभा अध्यक्ष कोटा-बूंदी क्षेत्र में एमएसपी पर गेहूं खरीद की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेहूं लेकर आने वाले किसी भी किसान को बिना तुलाई लौटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी खरीद एजेंसियां किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखें।

सप्ताह के भीतर उठाया जाए पड़ा गेहूं

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि कोटा में शुक्रवार को एक रेक लगाई जाएगी तथा दो दिन बाद दूसरी रेक पहुंचेगी। वहीं बूंदी में शनिवार को एक रेक लगाने की व्यवस्था की गई है। इस पर श्री बिरला ने निर्देश दिए कि एक दिन छोड़कर नियमित रूप से रेक उपलब्ध कराई जाए तथा एक सप्ताह के भीतर मंडियों में पड़ा गेहूं उठाया जाए।

पर्याप्त व्यस्था सुनिश्चत करें

उन्होंने कहा कि इस बार गेहूं खरीद लक्ष्य से अधिक होने की संभावना है, इसलिए बारदाना, भंडारण और उठाव की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। एफसीआई गोदामों के बाहर वाहनों की लंबी कतारें न लगें, इसके लिए गोदामों में अतिरिक्त लेबर लगाने के भी निर्देश दिए गए।

लोकसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को कोटा-बूंदी क्षेत्र में बारदाने की किसी प्रकार की कमी नहीं होने देने तथा किसानों के भुगतान समय पर करने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा उन्होंने जिला रसद अधिकारी को राशन की दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में गेहूं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी राशन डीलर के यहां लंबी लाइनें नहीं लगनी चाहिए। जहां राशन वितरण अधिक हो रहा है, वहां उसी अनुपात में आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।