बेमौसम बारिश: सरसों बुवाई में 15 दिन देरी की आशंका
(सभी तस्वीरें- हलधर)निवाई। बेमौसम बारिश ने क्षेत्र के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में बोई गई सरसों की फसल पर बारिश के पानी से परत जमने के कारण बीजों के खराब होने और अंकुरण प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, लगातार बारिश के चलते अब सरसों की दोबारा बुवाई में करीब 15 दिन की देरी होने की संभावना है।
किसान महापंचायत निवाई के ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ सिंह पलेई ने बताया कि किसानों ने बड़ी मुश्किल से पैसों का इंतजाम कर खाद-बीज खरीदा और खेतों में सरसों की बुवाई की थी। खाद की किल्लत के बीच किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, सरसों के बीज की एक किलो की थैली करीब 1100 रुपये में मिल रही है। महंगे डीजल और बुवाई की लागत के बीच किसानों पर बारिश की यह मार भारी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि अचानक हुई बारिश से खेतों में बोए गए बीजों के ऊपर परत जम गई है, जिससे अंकुरण प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ सकती है। बुवाई में देरी होने से आगे चलकर फसल में रोग लगने की संभावना भी बढ़ सकती है। पलेई ने कहा कि बेमौसम बारिश ने किसानों की आर्थिक स्थिति को झकझोर दिया है। किसान महापंचायत ने प्रशासन से प्रभावित किसानों की स्थिति का जायजा लेकर उन्हें उचित सहायता और राहत दिलाने की मांग की है।