बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, पकी फसलों पर मंडराया खतरा
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजस्थान में अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीडवाना सहित कई जिलों में सुबह से रिमझिम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा। इस समय गेहूं, चना और सरसों की फसल कटाई के कगार पर है, ऐसे में बारिश से खेतों में खड़ी और कटी फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों को डर है कि नमी और पानी के कारण दाने खराब हो सकते हैं और भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।
ओलावृष्टि और तेज हवाओं से बढ़ा खतरा
बालोतरा के समदड़ी क्षेत्र में देर रात ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने दौसा और भरतपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं के कारण खड़ी फसल गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
आगे भी मौसम में उतार-चढ़ाव के संकेत
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 23-24 मार्च को मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन 25-26 मार्च से फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से कई जिलों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है, जिससे किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।