आज भी बरसेंगे मेघा, मिलेगी गर्मी और लू से राहत
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजस्थान में झुलसा देने वाली गर्मी और हीटवेव के बीच मौसम ने फिर एकबार करवट ली है। प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर लगातार जारी है। गुरुवार को अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भी राहत मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी आने की संभावना है। जबकि 16 मई के बाद अगले एक सप्ताह तक फिर से तेज गर्मी और हीटवेव का असर बढ़ सकता है।
10 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट
बता दें, मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है तो, तीन जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट और एक जिले में यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक 22 से 28 मई के बीच तापमान में और बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इस दौरान अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन कुछ स्थानों पर छिटपुट आंधी लोगों को राहत पहुंचा सकती है।
रखें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बेवजह बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही किसानों को आंधी और हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए कटी हुई फसलों और मंडियों में रखे अनाजों को सुरक्षित स्थान पर ढककर रखने की सलाह दी गई है।