पशुओ का फ्री में कराए बीमा, मृत्यु पर मिलेंग 40 हजार
(सभी तस्वीरें- हलधर)मंगला पशु बीमा योजना के तहत प्रदेश में 42 लाख दुधारू पशुओं का निशुल्क बीमा किया जाएगा। जो पिछले वित्तीय वर्ष के 21 लाख के लक्ष्य से दोगुना है। बीमार एक वर्ष के लिए मान्य होगा और अगले वर्ष नवीनीकृत किया जा सकेगा। पशुपालकों को किसी भी प्रकार का प्रीमियम नहीं देना होगा। बीमा राशि का निर्धारण पशु की नस्ल, उम्र और दुग्ध उत्पादन के क्षमता के आधार पर होगा, जिसकी अधिकतम सीमा 40 हजार रुपए तय की गई है।
बता दें कि, अब तक राज्य में 34.32 लाख से ज्यादा पशुओं का रजिस्ट्रेशन हो चुका है और 19.37 लाख पशुओं की बीमा पॉलिसी जारी हो चुकी है। फरवरी 2026 तक 10,756 दावों का निस्तारण करते हुए 20 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि पशुपालकों को दी जा चुकी है।
क्या है प्रावधान
एक पशुपालक अधिकतम 2 गाय या 2 भैंस या 1 गाय, 1 भैंस, साथ ही 10 बकरी, 10 भेड़ या 10 ऊंट का बीमा करा सकता है। जिसमें पशुओं की आयु सीमा भी तय है। योजना का लाभ लेने के लिए जनाधार कार्ड धारक पशुपालक होंगे, जिनमें गोपाल क्रेडिट और लखपति दीदी से जुड़े पशुपालकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कब मिलेगा बीमा
बीमा का लाभ आग, सड़क दुर्घटना, जहरीला चारा खाने, सांप या जहरीले कीड़े के काटने पर और बीमारियों से मृत्यु जैसी स्थिति के दौरान मिलेगा। ध्यान रहे कि पशुओं की टैगिंग जरूरी है और टैग गुम होने पर पुनः टैगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।