ट्राइकोग्रामा से फसलों को कीटों से बचाएं, बिना कीटनाशक पाएं बेहतर सुरक्षा
ट्राइकोग्रामा से फसलों को कीटों से बचाएं, बिना कीटनाशक पाएं बेहतर सुरक्षा
(सभी तस्वीरें- हलधर)देश में जैविक खेती पर जोर दिया जा रहा है, ट्राइकोग्रामा इसके लिए वरदान सिद्ध हो रहा है। क्योंकि, यह जैविक कीट प्रबंधन का सटीक उपाय है। विश्व में ट्राइकोग्रामा की 18 प्रजातियों का नाशीजीव प्रबंधन में उपयोग हो रहा है। ट्राइकोग्रामा विधि का प्रयोग रसायन-मुक्त कीट नियंत्रण का एकमात्र उपाय है, जिसमें शत्रु-कीट का अंडावस्था में ही नाश हो जाता है। साथ ही, कीटनाशक दवा पर होने वाला खर्च भी बच जाता है। इससे विष-मुक्त खाद्य और सब्जियां उगाई जा सकती हैं।
ट्राइकोग्रामा
ट्राइकोग्रामा अतिसूक्ष्म आकार का एक मित्र कीट जीव है, जिन्हें खेत में आसानी से देखना कठिन है। परन्तु प्रयोगशालाओं में इन्हें आसानी से देखा जा सकता है। इसका बहुगुणन प्रयोगशाला में किया जाता है। बाद में इन्हें खेतों में छोड़ दिया जाता है। यह एक प्रकार का अंड-परजीवी मित्र कीट है, जो शत्रु कीट के अण्डों में अपना अंडा डालकर उन्हें अंडावस्था में ही नष्ट कर देता है। शत्रु कीट के अंडे से इनका (मित्र कीट ट्राइकोग्रामा) वयस्क बाहर आता है, जो पुनः शत्रु कीट में अपना अंडा देता है। इनका जीवन चक्र बहुत छोटा होता है। एक फसल अवधि में इसकी अनेक पीढ़ियां आ जाती हैं। इस प्रकार इनकी संख्या शत्रु कीट की तुलना में अनेक गुणा बढ़ जाती है। शत्रु कीट अण्डों को नष्ट करता रहता है।
देश में प्रजातियां
ट्राइकोग्रामा केलोनिस : ट्राइकोग्रामा प्रजाति ट्राइकोगेमेटीड कुल में आता है। इस कीट का आकार 0.4 से 0.7 मिमी होता है। इसका पूरा जीवन चक्र 8-10 दिन होता है। यह विभिन्न कीट की 200 कीट प्रजाति को 80-90 प्रतिशत तक खेत में नियंत्रित करता है। ट्राइकोग्रामा केलोनिस का प्रयोग धान सब्जियों और दूसरी फसलों में अधिक प्रभावी है।
ट्राइकोग्रामा जापोनिकम : ट्राइकोग्रामा जापोनिकम का प्रयोग अनेक प्रकार के छेदक (तना छेदक और सुंडी) को नष्ट करने में किया जाता है। अंडा अवस्था में ट्राइकोग्रामा जापोनिकम अंडा डालकर इसका जैविक चक्र स्थापित किया जाता है। जिससे छेदक कीट की संख्या में भारी कमी आ जाती है।
कार्य पद्धति :
कीट को नष्ट करने की जानकारी आपको ऊपर मिल चुकी है। प्रयोगशाला में इसे चावल के कीट कोर्सेरा के अण्डों पर बहुगुणन किया जाता है। कोर्सेरा के अण्डों की एक महीन सतह 6 × 2 के कार्ड पर चिपका कर बनाई जाती है। इस कार्ड को प्रायः ट्राइको-कार्ड नाम से जाना जाता है। सामान्यतः एक कार्ड पर 20 हजार अंडे होते हैं। इसी कार्ड को फसल के ऊपर लगा दिया जाता है। जिससे यह मित्र कीट निकलकर शत्रु कीट के अण्डों को प्रभावित करते हैं।
ट्राइकोग्रामा परजीवी प्रयोग मात्रा
छेदक नाशीजीवों से फसल सुरक्षा हेतु 50 हजार ट्राइकोग्रामा केलोनिस प्रजाति से आच्छादित ट्राइको कार्ड को 10 दिन के अन्तराल पर छोड़ा जाता है अथवा 2.5 कार्ड एक हेक्टेयर में लगा दिया जाता है। पूरी फसल अवधि में 4-6 बार ट्राइको कार्ड छोड़ने की जरूरत पड़ती है।
लाभ
इसे प्रयोग करना बहुत ही सरल है। यह पर्यावरण के अनुकूल है।
मित्र कीटों को किसी भी प्रकार की हानि नहीं करता है।
यह अत्यधिक न्यून लागत से शत्रु कीटों का प्रभावी नियंत्रण करता है।
भण्डारण
इसे 5 से 100 डिग्री सेल्सियस तापमान पर 30 दिन तक रखा जा सकता है।