20 बीघा जमीन से 10 लाख कमाई, किसान ने अपनाया गजब का फार्मूला
(सभी तस्वीरें- हलधर)
सिद्धपुरा, प्रतापगढ़। खेतों की आय से पहले परिवार का खर्च भी नहीं निकलता था। लेकिन, कृषि पढ़ रहे बेटे के सुझाव और मेरी मेहनत ने खेतों का हुलिया, फसलों का उत्पादन और जिंदगी बदलाव का रोडमैप तैयार कर दिया। शायद यही कारण है कि अब खेतों से सालाना 8-10 लाख रूपए की आमदनी मिलने लगी है। जबकि, पहले भी परम्परागत फसलो का ही उत्पादन लेता था और अब भी वहीं कर रहा हॅू। लेकिन, खेती का तकनीक आधारित बनाने से यह संभव हुआ है। किसान विष्णु पाटीदार ने हलधर टाइम्स को बताया कि 10वीं पास करने के साथ पढ़ाई छोडक़र खेती से जुड़ गया। मेरे पास 20 बीघा जमीन है। उन्होंने बताया कि खेती से मिलने वाली आमदनी ही परिवार की रहगुजर का मुख्य जरिया है। आमदनी बढ़ाने के लिए काफी मेहनत की। लेकिन, सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि फिर कृषि से स्नातक कर रहे बेटे के सुझाव पर बीज के साथ-साथ कृषि आदान और समय-समय पर उन्नत शस्य क्रियाओं को अपनाना शुरू किया। इस बदलाव का असर फसल उत्पादन पर देखने को मिला। इससे आमदनी में भी बढ़ौत्तरी देखने को मिली है। उन्होंने बताया कि पहले खेती से परिवार का खर्च निकालना भी मुश्किल पड़ता था। लेकिन, अब अच्छी आय खेती से हो रही है। उन्होंने बताया कि सिंचाई के लिए मेरे पास कुआं और ट्यूबवैल है। विद्युत के लिए सोलर पंप लगा हुआ है। परम्परागत फसलों में डालर चना, गेहूं, सोयाबीन, सरसों, गेहूं-जौ, मक्का-मूंगफली का उत्पादन लेता हॅू। इन फसलों से सालाना 5-6 लाख रूपए की आमदनी मिल जाती है।
अफीम-लहसुन-धनिया का चक्र
उन्होंने बताया कि बाद में अफीम की खेती के साथ-साथ धनिसया और लहसुन का उत्पादन शुरू किया। अफीम का 10 आरी का पट्टा मेरे पास है। इसकी खेती में मार्फिन के आधार पर आमदनी मिलती है। वहीं, लहसुन और धनिया की फसल भाव अच्छे मिलने पर अच्छा लाभ दे जाती है।
किचन गार्डन भी
उन्होने बताया कि आधा बीघा के ओपन फील्ड में सब्जी फसलों का उत्पादन लेता हॅू। सब्जी फसलों में टमाटर, मिर्च, प्याज, भिंड़ी, बैंगन, आलू हरा धनिया सहित मौसमी सब्जियां शामिल है। सब्जी फसलों से बाजार खर्च बच रहा है। गौरतलब है कि किसान विष्णु ने आमदनी बढाने के लिए मशरूम की खेती भी शुरू की है।
उन्नत पशुपालन
पशुधन में मेरे पास 6 गाय और 1 भैंस है। इनसे प्रतिदिन 40 लीटर दुग्ध का उत्पादन मिल रहा है। इसमें से 35 लीटर दुग्ध 40-45 के भाव पर डेयरी को बिक्री रहा हॅू। इससे पशुधन के साथ-साथ परिवार का दैनिक खर्च निकल रहा है। पशु अपशिष्ट से कम्पोस्ट खाद तैयार करके उपयोग में ले रहा हॅू।
स्टोरी इनपुट: डॉ. दीपक कुमार जैन, केवीके बडग़ांव, उदयपुर