सरकारी सब्सिडी से लगाया पॉलीहाउस, खीरे की खेती से 5 लाख कमाई
(सभी तस्वीरें- हलधर)
सादी, चित्तौडग़ढ़। खेती में लक्ष्य को साधकर काम किया जाए तो किसान की तकदीर बदल जाती है। महिला कृषक रामसुख बाई ने यही करके दिखाया है। हाइटेक खेती के साथ पशुपालन से जुडक़र किसान रामसुख सालाना 7-8 लाख रूपए का शुद्ध मुनाफा ले रहा है। जबकि, पहले कुल 2 से ढ़ाई लाख रूपए की आमदनी मिलती थी। महिला किसान रामसुख ने हलधर टाइम्स को बताया कि मेरे पास 40 बीघा जमीन है। उन्होंने बताया कि उम्र के एक पड़ाव ने मुझे खेती से जोडऩे का काम किया। पहले परम्परागत तौर-तरीकों से फसलों का उत्पादन लेती रही। लेकिन, खर्च निकालने के बाद इन फसलों से ज्यादा आय नहीं मिलती थी। उन्होंने बताया कि पहले जमीन पर सिंचाई सुविधा सीमित थी। इस कारण उत्पादन में भी नुकसान उठाना पड़ता था। लेकिन, समय के साथ बढ़ी बिजली-पानी की सुविधा ने खेतों से समृद्धि बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क होने के बाद खेती में कुछ नया करने का मन हुआ। वर्ष 2025 में उद्यान विभाग की अनुदान सहायता से 4 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में पॉली हाउस स्थापित करवाया। खेती के बदले हुए तरीके ने परिवार की आमदनी बढ़ाने का काम किया। उन्होंने बताया कि सिंचाई के लिए कुआं है। साथ ही, तालाब का पानी भी उपलब्ध हो रहा है। इससे रबी-खरीफ फसलों का अच्छा उत्पादन मिलने लगा है। उन्होंने बताया कि परम्परागत फसलों में मक्का, जौ, मूंगफली, सोयाबीन और गेहूं का उत्पादन लेती हॅू। इससे 40 बीघा जमीन से सालाना ढ़ाई से तीन लाख रूपए की आमदनी मिल जाती है।
पॉलीहाउस में खीरा
उन्होंने बताया कि खेत पर 4 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में पॉली हाउस लगाया है। इसमें खीरा फसल का उत्पादन लेती हॅू। साल में दो फसल खीरे की होती है। सारा खर्च निकालने के बाद संरक्षित खेती से 5 लाख रूपए की आमदनी हो जाती है। उन्होंने बताया कि पॉली हाउस में मल्चिंग और ड्रिप का उपयोग कर रहा हॅू।
पशु डेयरी से भी आय
उन्होंने बताया कि पशुधन में मेरे पास 1 गाय और 4 भैंस है। प्रतिदिन 10-12 लीटर दुग्ध डेयरी को बिक्री कर रही हॅॅू। दुग्ध की बिक्री 55-60 रूपए प्रति लीटर की दर से डेयरी को कर रही हॅू। इससे मासिक 8 से 10 हजार रूपए की आमदनी मिल जाती है। वहीं, पशु अपशिष्ट से वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार कर रही हॅू।
स्टोरी इनपुट: डॉ. एसएल जाट, सं. निदेशक, कृषि, चित्तौडग़ढ़