तिलहन प्रसंस्करण इकाइयों के लिए आवेदन आमंत्रित, किसानों के लिए भी अवसर
तिलहन प्रसंस्करण इकाइयों के लिए आवेदन आमंत्रित, किसानों के लिए भी अवसर
(सभी तस्वीरें- हलधर)डीडवाना में कृषि आयुक्तालय की ओर से नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल–तिलहन (NMEO-OS) के तहत तिलहन प्रसंस्करण एवं तेल निष्कर्षण इकाइयों की स्थापना के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य फसल कटाई के बाद तिलहन की मूल्य श्रृंखला को सुदृढ़ बनाना और राज्य में तेल उत्पादन क्षमता बढ़ाना है।
किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार और आय का अवसर
योजना के माध्यम से तिलहन के संग्रहण, प्रसंस्करण और तेल उत्पादन क्षमता में वृद्धि की जाएगी। इससे किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, मूल्य संवर्धन के अवसर बढ़ेंगे और आय के नए स्रोत विकसित होंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक हरिओम सिंह राणा ने बताया कि किसान उत्पादक संगठन (FPO), सहकारी समितियां, सरकारी एवं निजी उद्योग, पंजीकृत स्टार्टअप, वैल्यू चेन पार्टनर (VCP) और व्यक्तिगत किसान आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में FPO, सहकारी संस्थाओं और VCP को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि किसानों को सीधे मूल्य श्रृंखला से जोड़ा जा सके।
33% तक अनुदान, अधिकतम ₹9.90 लाख
योजना के तहत लगभग 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाली तिलहन प्रसंस्करण/तेल निष्कर्षण इकाई स्थापित करने पर परियोजना लागत का 33% या अधिकतम ₹9.90 लाख तक का अनुदान मिलेगा। 10 टन से कम क्षमता वाली इकाइयों को प्रोराटा आधार पर सहायता दी जाएगी। अनुदान की गणना केवल मशीनरी और उपकरणों की लागत पर होगी, भूमि और भवन की लागत इसमें शामिल नहीं होगी।
मशीनरी खरीद पर स्पष्ट दिशा-निर्देश
डीहॉलर, सीड क्लीनर, एक्सपेलर और फिल्टर जैसी आवश्यक मशीनरी की खरीद और स्थापना पर सहायता दी जाएगी। मशीनरी की खरीद जीएसटी-पंजीकृत अधिकृत निर्माता या आपूर्तिकर्ता से करना अनिवार्य होगा।
पारदर्शी चयन और DBT के जरिए भुगतान
प्राप्त आवेदनों की जांच जिला स्तर पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। तकनीकी मूल्यांकन के आधार पर लाभार्थियों का चयन होगा। इकाई स्थापित होने और भौतिक सत्यापन के बाद अनुदान राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा की जाएगी। आवेदक आवश्यकता अनुसार बैंक ऋण भी ले सकते हैं।
16 फरवरी तक करें आवेदन
इच्छुक आवेदक 16 फरवरी तक संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), डीडवाना कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं और योजना का लाभ उठा सकते हैं।