खजूर से बनाएं जैम, चटनी और अचार, बढ़ाएं आमदनी

नई दिल्ली 05-Aug-2026 02:53 PM

खजूर से बनाएं जैम, चटनी और अचार, बढ़ाएं आमदनी

(सभी तस्वीरें- हलधर)

राजस्थान के बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, चूरू, नागौर सहित दूसरे जिलों में किसान खजूर की खेती कर रहे हैं। लेकिन, उत्पादन आने के बाद विपणन की समस्या किसानों के सामने रहती है। ऐसे में खजूर से अधिक आय लेने के लिए इसके परिरक्षित उत्पाद तैयार कर सकते हैं। इससे आय भी बढ़ेगी और विपणन की समस्या भी दूर होगी। किसान समूह बनाकर उत्पाद की बिक्री कर सकते हैं।

खजूर रस

खजूर रस बनाने के लिए डोका फलों की गुठली निकालकर बराबर पानी की मात्रा के साथ प्रेशर कुकर में लगभग 10-12 मिनट तक उबालते हैं। इसके बाद बारीक सूती कपड़े (मसलिन) से छान करके रस निकाल लिया जाता है। छने हुए रस में 1:3 के अनुपात में पानी, चीनी और साइट्रिक अम्ल की इतनी मात्रा मिलाते हैं जिससे कि कुल घुलनशील ठोस पदार्थ (टी.एस.एस.) 14 डिग्री बिरक्स और अम्लता 0.3 प्रतिशत हो जाये । इस प्रकार खजूर के रस से (पेय) को परिरक्षित कर साफ सूखे बोतल में रखकर उपयोग में लें।

खजूर जैम

दूसरे फलों के जैम की तरह खजूर फल से जैम तैयार किया जा सकता है। जैम भी पूर्ण डोका फल को गुदे में, चीनी और साइट्रिक अम्ल मिलाकर तैयार किया जा सकता है। परीक्षण में स्थानीय लाल किस्म के फल से तैयार जैम पीले रंग वाली किस्म की तुलना में अच्छा होता है। खजूर का परिरक्षित उत्पाद जैम को भी अधिक समय तक सुरक्षित रख सकते हैं।

खजूर की चटनी

  • सामग्री: 200 ग्राम खजूर, 100 ग्राम इमली, 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/2 चम्मच भुना जीरा पाउडर, 1/4 चम्मच काला नमक, नमक स्वादानुसार। अधिक समय तक रखने के लिए पोटेशियम मेटाबाई सल्फाइट (500 पीपीएम अथवा 0.5 मिली ग्राम / लीटर) मिलाते हैं।

  • विधि: खजूर के फल से गुठली निकाल दें। धोकर इसमें एक कप पानी डाल दें। 2 घंटे के लिए भीगने दें। 5 मिनट के लिए पकाये और ब्लेंडर में बारीक पीस लें। अब इसमें लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें, खजूर की चटनी तैयार है।

पिण्ड खजूर

डोका अवस्था के फल को 1-2 मिनट तक उबलते पानी में डुबोकर निकाल लें। उसके बाद सुखाकर पिण्ड खजूर तैयार किया जा सकता है।

छुहारा बनाना

डोका अवस्था के फल को 12-15 मिनट तक उबलते हुए पानी में डुबोकर गर्म वायु प्रचलित ट्रे (ड्रायर) में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान पर 62-65 घंटों तक सुखाकर अच्छी गुणवत्ता का छुहारा बना सकते हैं। धूप में सुखाकर भी छुहारा बनाया जा सकता है। इसकी गुणवत्ता मशीन से सुखाये गये फलों से थोड़ी कम होती है। क्योंकि उसमें नमी की मात्रा अधिक होती है।

खजूर अचार

खजूर के डोका फल से स्वादिष्ट अचार बनाया जाता है। अचार बनाने के लिए लाल रंग की स्थानीय किस्म के डोका फल को लेकर पानी से धोकर फल के दो भाग कर गुठली निकाल लेते हैं।

  • सामग्री: गुठली रहित फल 1 किग्रा, नमक 25 ग्राम, तेल 250-300 मिली, मेथी 25-30 ग्राम, राई 25 ग्राम, धनिया 50-100 ग्राम, सौंफ, लालमिर्च, कलौंजी (जरूरत अनुसार)

  • विधि: सभी सामग्री को लेकर फ्राई पैन में तेल गर्म करें। ठंडा होने पर मिला दें। तुरंत डिब्बे में बंद करके रख दें। 3-4 दिन बाद अचार उपयोग हेतु तैयार हो जाता है।


ट्रेंडिंग ख़बरें