किचन गार्डन टिप्स: कम जगह में उगाएं भरपूर सब्जियां, बचाएं हजारों रुपये
किचन गार्डन टिप्स: कम जगह में उगाएं भरपूर सब्जियां, बचाएं हजारों रुपये
(सभी तस्वीरें- हलधर)किचन गार्डन में उगाएं मनपसंद सब्जी
गार्डनिंग करना बहुत लोगों का शौक होता है। लॉकडाउन के दौरान लोगों के मन में गार्डनिंग के प्रति दिलचस्पी बहुत बढ़ी है। बहुत सारे लोगों ने अपने किचन गार्डन तैयार किए। जिनके घर ग्राउंड फ्लोर के नहीं हैं उन्होंने बालकनी गार्डन और टैरेस गार्डन में पौधे लगाए। जहां पहले लोग अपने गार्डन में फूलों के पौधों को जगह देते थे, अब लोगों की दिलचस्पी सब्जियों के पौधों की तरफ खासी बढ़ती हुई नजर आ रही है।
भिंडी के पौधे जरा फासले पर
सबसे पहले बात करते हैं भिंडी के पौधे की। अगर आप भिंडी का बीज जमीन पर लगा रहे हैं तो दो पौधों की दूरी पांच से छह इंच की रखें। अगर गमले में लगा रहे हैं तो एक गमले में एक ही पौधा लगाएं। भिंडी का पौधा लगाने के लिए आठ से दस इंच का गमला ठीक रहता है। भिंडी बहुत जल्दी लगनी शुरू हो जाती है।
बैंगन के लिए गमला रखें बड़ा
बैंगन का पौधा भी आप इस सीजन में लगा सकते हैं। बैंगन उगाने के लिए बड़े गमले का इस्तेमाल करें, ज्यादा बैंगन लगेंगे। अगर आप दस-बारह-चौदह इंच के गमले में बैंगन उगाते हैं तो आपको केवल चार-पांच पौधों से ही इतने बैंगन मिल जाएंगे कि आप सप्ताह बैंगन की सब्जी बनाकर परिवार को खिला सकते हैं। बस इस बात का ध्यान रखें कि एक गमले में एक ही पौधा लगाएं।
मिर्च के दो बूटे ही काफी
अपने किचन गार्डन में मिर्च का पौधा जरूर लगाएं। अगर आप बड़े गमले में यानी बारह से चौदह इंच के गमले में मिर्च के पौधे लगाते हैं तो बस दो मिर्च के पौधे आपके परिवार की मिर्च की जरूरत पूरा करने के लिए काफी है।
टैरेस गार्डन में शिमला मिर्च भी
शिमला मिर्च भी आप अपने टैरेस गार्डन में लगा सकते हैं। शिमला मिर्च लगाने के लिए भी आपको बारह से चौदह इंच के गमले चाहिए। केवल चार से पांच शिमला मिर्च के पौधों से आप अपने परिवार की जरूरत को पूरा कर सकते हैं।
टमाटर हर घर की जरूरत
एक और पौधा जोकि हर घर की जरूरत होता है वह है टमाटर का पौधा। टमाटर की जरूरत लगभग हर सब्जी में होती है और अगर वह टमाटर अपने बगीचे के एकदम ताजा और ऑर्गेनिक हो तो क्या कहने। हरे टमाटरों का इस्तेमाल जहां आप हरी चटनी बनाने में कर सकते हैं वहीं टमाटरों के लाल होने पर सब्जी में। टमाटर बहुत आसानी से उग जाता है। बस जब टमाटर का पौधा बड़ा होने लगे तो उसे सहारे की जरूरत होती है इसलिए पौधे को सहारा देने के लिए पौधे के आसपास डंडी लगा दें। या फिर रस्सी की सहायता से पौधे को ऊपर की तरफ चढ़ा दें। टमाटर का पौधा लगाने के लिए भी कम से कम दस इंच का गमला जरूर लें।
धनिया बढ़ाएगा खुशबू
धनिया का पौधा भी किचन गार्डन में जरूर लगाएं। जब ताजा बगीचे से तोड़े गए धनिया की पत्ती को आप अपनी दाल, सब्जी या चटनी में डालते हैं तो खुशबू और स्वाद अपने चरम पर होता है। धनिया उगाने के लिए किचन में यूज होने वाले साबुत गोल धनिया को यूज करें। धनिया उगाने के लिए कम ऊंचे तश्तरीनुमा गमलों का इस्तेमाल करें। पुराने टब का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। बस इस बात का ध्यान रखें कि जब धनिया के अंकुर निकल रहे हों तो उन नन्हें पौधों को चिड़िया और गिलहरी से बचा कर रखें।
करेला
अगर आपके टैरेस में थोड़ी जगह है तो आप बेलदार सब्जियां भी उगा सकते हैं। करेले की बेल ज्यादा जगह नहीं घेरती और करेले भी जल्दी लगने शुरू हो जाते हैं। करेले की बेल को बारह-चौदह इंच के गमले में लगाएं।
तोरई की बेल
अगर आप तोरई की बेल लगाने की सोच रहे हैं तो आपको बहुत फायदा मिलेगा। सबसे पहली बात, यह है कि यह जल्दी फल देने लगती है और बेल में एक साथ कई तोरइयां लग जाती हैं। बस गमला चौदह से सोलह इंच का रखें। जितना बड़ा गमला होगा बेल उतनी ही फैलेगी और फलेगी। ग्राउंड फ्लोर का घर है तो चिंता ही नहीं।
पालक-चौलाई
अगर हरा साग खाने के शौकीन हैं तो अपने किचन गार्डन में पालक और चौलाई इस सीजन में लगा सकते हैं। पालक और चौलाई लगाने के लिए किसी पुराने टब का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा तश्तरीनुमा गमलों का यूज किया जा सकता है। या फिर छह इंच ऊंचे और बारह इंच चौड़े ग्रो बैग भी यूज कर सकते हैं।