जोधपुर में बनेगा कृषि मशीनरी परीक्षण केंद्र

नई दिल्ली 16-Dec-2025 03:04 PM

जोधपुर में बनेगा कृषि मशीनरी परीक्षण केंद्र

(सभी तस्वीरें- हलधर)

कुलगुरु डॉ जैतावत ने किया भूमि पूजन

जोधपुर। बीकानेर और उदयपुर के बाद प्रदेश का तीसरा और पश्चिमी राजस्थान का पहला कृषि मशीनरी परीक्षण केन्द्र, कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर में स्थापित होगा। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो डॉ वीएस जैतावत ने कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय में भूमि पूजन किया। इस केन्द्र के बनने से कृषि उपकरणों के गुणवत्ता परीक्षण में सहायता मिलेगी। साथ ही, किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि मशीनें उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

यह होंगे काम

कृषि मशीनरी परीक्षण केंद्र के मुख्य कार्य मशीनों की कार्यात्मक उपयुक्तता और प्रदर्शन का आकलन करना, गुणवत्ता नियंत्रण करना, मानक तैयार करना, निर्माताओं को प्रमाणन देना ताकि सही मशीन का चुनाव हो सके और कृषि क्षेत्र में मशीनीकरण को बढ़ावा मिले। ये केंद्र मशीनों के उचित चयन, रखरखाव और नवीनतम तकनीकों के प्रचार-प्रसार में मदद करते हैं, जिससे किसानों को बेहतर उपकरण मिलें और उत्पादन बढ़े।

परियोजना की अवधि 5 वर्ष

सीटीएई के डीन डॉ एमएम कुमावत ने बताया कि पीएम आरकेवीवाई योजना के तहत केन्द्र को मंजूरी मिली है।  पंचवर्षीय परियोजना के लिए पहले वर्ष में 97.2 लाख दूसरे में 173.06 लाख, तीसरे में 139.20 लाख, चौथे  में 94.20 लाख और अंत में 54.20 लाख रुपये का बजट उपलब्ध होगा। परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ नरेंद्र ने बताया कि आगामी साल से इस केन्द्र का लाभ किसानों को मिलना शुरू हो जायेगा।