दो दिन की बारिश से किसानों को भारी नुकसान, सरसों-गेहूं की फसलें बर्बाद

नई दिल्ली 20-Feb-2026 02:38 PM

दो दिन की बारिश से किसानों को भारी नुकसान, सरसों-गेहूं की फसलें बर्बाद

(सभी तस्वीरें- हलधर)

प्रदेश के टोंक जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत चौपट कर दी है। सरसों और गेहूं सहित अन्य रबी फसलों में बड़ा नुकसान हुआ है, जिससे अन्नदाता आर्थिक संकट के बादल मंडराने लगे हैं। सरसों की फसल पूरी तरह पककर तैयार थी और कई क्षेत्रों में कटाई का कार्य भी चल रहा था। अचानक हुई इस बारिश से खेतों में कटी हुई और एकत्रित सरसों की ढेरियां भीग गईं, जिससे दानों में सड़न और बदबू आने की आशंका बढ़ गई है। इससे बाजार में भाव गिरने का खतरा भी मंडरा रहा है।

निवाई क्षेत्र में कटाई रुकी, पशुचारे का संकट गहराया

जिले के निवाई क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल की कटाई भी प्रभावित हुई है। तेज हवाओं के चलते गेहूं की फसल कई जगह आड़ी गिर गई है, जिससे उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना है। खेतों में पशुओं के लिए रखा गया सूखा चारा भी भीगकर खराब हो गया है, जिससे पशुपालकों के सामने चारे का संकट खड़ा हो गया है।

किसान महापंचायत निवाई के ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ सिंह ने बताया कि खरीफ की फसल पहले ही अतिवृष्टि के कारण खराब हो चुकी थी, जिसका मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं मिला है। ऐसे में रबी फसल से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र गिरदावरी करवाकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

देवली में मौसम की मार, गेहूं और सरसों की फसल आड़ी गिरी

टोंक के देवली क्षेत्र में बुधवार को बिगड़े मौसम ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई खेतों में गेहूं की फसल आड़ी पड़ गई। वहीं सरसों की खड़ी और कटाई के लिए तैयार फसल भी प्रभावित हुई है। इससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

खरीफ की भरपाई की उम्मीद पर भी असर

इस वर्ष अच्छी बारिश के बावजूद खरीफ की फसल अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो सकी थी। किसानों को रबी फसल से नुकसान की भरपाई की उम्मीद थी। गेहूं और सरसों की अच्छी पैदावार से किसान उत्साहित थे, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी उम्मीदों को झटका दे दिया है।

राजमहल क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ एक घंटे की बारिश

राजमहल कस्बे और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे और शाम को अचानक तेज अंधड़ के साथ करीब एक घंटे तक बारिश हुई। बारिश और हवाओं के कारण गेहूं, जौ, चना और सरसों की फसलें खेतों में गिर गईं। कटकर पड़ी सरसों की फसल भी भीग गई, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। तेज हवाओं की वजह से कई स्थानों पर शादी समारोहों के टेंट भी गिर गए।

Read: कृषि मंत्री किरोड़ी का विधानसभा में बड़ा बयान: यूरिया-डीएपी पर्याप्त, 27 फैक्ट्रियां सीज की


ट्रेंडिंग ख़बरें