खजूर पर दो दिवसीय सेमिनार शुरू, इन जिलों के किसानों को मिलेगा लाभ 

नई दिल्ली 24-Mar-2026 12:43 PM

खजूर पर दो दिवसीय सेमिनार शुरू, इन जिलों के किसानों को मिलेगा लाभ 

(सभी तस्वीरें- हलधर)

राजस्थान के बीकानेर में खजूर खेती को लेकर दो दिवसीय राज्य स्तरीय सेमिनार कार्यक्रम की आज मंगलवार से शुरुआत हो गई है। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास निदेशालय सभागार में आयोजित हो रहे इस सेमिनार में खजूर उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। यह आयोजन उद्यान विभाग, कृषि विश्वविद्यालय और केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

100 प्रगतिशील किसान लेंगे भाग

इस सेमिनार में पश्चिमी राजस्थान के 8 जिलों से 100 प्रगतिशील और नवाचारी उद्यानिकी किसान भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों और बाजार से जोड़ना है, ताकि वे खजूर की खेती को लाभकारी व्यवसाय बना सकें।

खजूर उत्पादन और विपणन पर गहन चर्चा

दो दिनों तक चलने वाले इस सेमिनार में 10 तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में वैज्ञानिक और विशेषज्ञ किसानों को खजूर की उन्नत खेती, प्रसंस्करण तकनीक, मूल्य संवर्धन और विपणन रणनीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

बीकानेर को खजूर हब बनाने की पहल

वर्तमान में बीकानेर जिले में 300 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खजूर की खेती की जा रही है। सरकार और संबंधित संस्थाएं बीकानेर को खजूर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयासरत हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ाई जा सके।

नई तकनीकों से होंगे किसान जागरूक

सेमिनार के दौरान किसानों को खजूर की खेती से जुड़े पैकेज ऑफ प्रैक्टिस और नवीनतम तकनीकों से अवगत कराया जाएगा। विभाग की इस पहल से पश्चिम राजस्थान में खजूर की खेती को बढ़ावा मिलेगा।


ट्रेंडिंग ख़बरें