पशु चिकित्सा, बीमा और टीकाकरण में राजस्थान का दम, केंद्रीय दल ने लगाई मुहर

नई दिल्ली 22-Oct-2026 06:39 PM

पशु चिकित्सा, बीमा और टीकाकरण में राजस्थान का दम, केंद्रीय दल ने लगाई मुहर

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। राजस्थान में पशुपालकों के लिए संचालित केंद्रीय योजनाओं की जमीनी प्रगति पर केंद्र सरकार के तीन सदस्यीय विशेष दल ने संतोष जताया है। सात दिवसीय दौरे के बाद दल ने खासतौर पर मोबाइल वेटरनरी यूनिट, पशु बीमा और टीकाकरण अभियान के क्रियान्वयन की सराहना की। साथ ही थारपारकर नस्ल के संरक्षण और संवर्धन के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया।

केंद्रीय दल ने  प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर केंद्र प्रायोजित पशुपालन योजनाओं की हकीकत परखी। दल ने प्रमुख शासन सचिव विकास सीतारामजी भाले और संयुक्त सचिव दिनेश कुमार जांगिड़ के साथ योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। दौरे के समापन पर हुई समीक्षा बैठक में दल ने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों में मोबाइल वेटरनरी यूनिट के जरिए पशुओं को मौके पर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था प्रभावी है। पशुपालकों को आर्थिक जोखिम से बचाने के लिए पशु बीमा और संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान की प्रगति को भी बेहतर बताया गया।

राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत संचालित इंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम की भी केंद्रीय टीम ने सराहना की। दल के अनुसार इस योजना से पशुपालन क्षेत्र में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है तथा युवाओं को नए रोजगार शुरू करने के अवसर मिल रहे हैं। पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेश चंद मीना ने कहा कि केंद्र की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पशुपालक तक पारदर्शिता और तत्परता से पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की।


ट्रेंडिंग ख़बरें