घर की छत पर उगाएं ताजी सब्जियां, सिर्फ 1500 रुपये में शुरू करें खेती

नई दिल्ली 14-Nov-2026 01:02 PM

घर की छत पर उगाएं ताजी सब्जियां, सिर्फ 1500 रुपये में शुरू करें खेती

(सभी तस्वीरें- हलधर)

रूटटॉप फार्मिंग का मतलब है, अपने घर की छत पर सब्जियां, फल, मसाले, फूल अथवा छोटे पौधे उगाना। यह आधुनिक समय की ज़रूरत है, क्योंकि शहरी क्षेत्र में ज़मीन कम होती जा रही है और रसायनों वाली सब्ज़ियाँ आ रही हैं। इसलिए छत का उपयोग करके हम ताज़ा, जैविक (organic) सब्ज़ियाँ उगा सकते हैं। बढ़ते शहरीकरण में यह खेती पर्यावरण संरक्षण का एक व्यावहारिक तरीका है। छत का तापमान कम करके ऊर्जा की बचत करती है, ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देती है और स्वच्छ व हरित शहर बनाने की दिशा में सहायक है। इससे मन प्रसन्न रहता है, और शहर की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में कुछ समय नेचर (प्रकृति) के साथ बिताने को मिलता है। तनाव और अवसाद कम होता है, तथा बच्चों को खेती का व्यावहारिक ज्ञान मिलता है।

रूफटॉप फार्मिंग के फायदे

  • ताज़ा और शुद्ध भोजन: घर पर उगाई सब्ज़ियों में न तो ज़हरीले कीटनाशक होते हैं और न ही मिलावट।

  • पैसों की बचत: बाज़ार से सब्ज़ी खरीदने की ज़रूरत कम हो जाती है।

  • स्वास्थ्य लाभ: जैविक सब्ज़ियाँ और फल शरीर के लिए अधिक पौष्टिक होते हैं।

  • पर्यावरण संरक्षण: छत पर पौधे लगाने से तापमान कम होता है और ऑक्सीजन बढ़ती है।

  • मानसिक शांति: पौधों की देखभाल करने से तनाव कम होता है।

शुरू करने के आसान तरीके

  1. छत की जाँच: छत मज़बूत होनी चाहिए, ताकि गमलों/प्लांटर का भार सह सके।

  2. बर्तन / गमले: पुराने ड्रम, बाल्टी, पेंट के डिब्बे, बोतलें अथवा टायर इस्तेमाल करें। चाहें तो ऑनलाइन ग्रो बैग भी खरीद सकते हैं।

  3. मिट्टी की तैयारी: 40 प्रतिशत बगीचे की मिट्टी, 30 प्रतिशत गोबर की खाद / वर्मी कम्पोस्ट, 20 प्रतिशत रेत और 10 प्रतिशत सूखे पत्ते / कोकोपीट। इस मिश्रण से पौधे जल्दी बढ़ेंगे और जड़ें मज़बूत रहेंगी।

  4. पौधों का चुनाव: टमाटर, मिर्च, बैंगन, लौकी, पालक, धनिया, पुदीना जैसी सब्ज़ियाँ आसानी से उगाई जा सकती हैं।

  5. पानी की व्यवस्था: रोज़ सुबह या शाम को पौधों में पानी दें। चाहें तो ड्रिप इरिगेशन सिस्टम भी लगाएं।

  6. खाद और जैविक उपाय: गोबर की खाद, वर्मी कम्पोस्ट और नीम खली जैसी चीज़ें डालें। कीड़े लगें तो नीम का तेल छिड़कें।

  7. धूप का ध्यान: अधिकांश सब्ज़ियों को 4-6 घंटे धूप चाहिए।

  8. खर्चा कितना आएगा (अनुमानित): पुरानी बाल्टियाँ / ड्रम फ्री या 200–300 रुपये, गोबर की खाद 10–20 रुपये प्रति किलो, बीज 20–50 रुपये प्रति पैकेट, तिरपाल 300–500 रुपये। कुल मिलाकर 1000–1500 रुपये में अच्छी रूफटॉप फार्मिंग शुरू हो सकती है।