पुष्कर मेले में 20 नवंबर से पशु प्रतियोगिताओं का दिखेगा रोमांच

नई दिल्ली 14-Nov-2026 04:23 PM

पुष्कर मेले में 20 नवंबर से पशु प्रतियोगिताओं का दिखेगा रोमांच

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले में 20 नवम्बर से पशु प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए 19 नवंबर से पंजीयन शुरू होंगे। पशुपालन विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर को ऊंट वर्ग में ऊंट नर, ऊंट मादा और ऊंट सवारी प्रतियोगिता होगी। इसी दिन सिरोही और सोजत नस्ल की बकरियों की प्रतियोगिताएं भी होंगी। नागौरी बैल, भैंस नर-मादा और गिर- संकर गोवंश की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। शाम पांच बजे गिर प्रदर्शनी का उद्घाटन और छह बजे दुग्ध दोहन प्रतियोगिता होगी।

21 नवंबर को अश्व मादा वर्ग की प्रतियोगिताओं के साथ संकर होल्स्टीन नर, संकर जर्सी नर और गिर गोवंश नस्ल की प्रतियोगिताएं होंगी। इस दिन प्रथम और द्वितीय दुहारी प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं। 22 नवंबर को अश्व नर वर्ग की प्रतियोगिता, दो दांत अश्व और स्टैलियन वर्ग के मुकाबले होंगे। इसके अलावा काठियावाड़ी, सिंधी और भीमथड़ी नस्ल के अश्वों का प्रदर्शन भी होगा। इसी दिन तृतीय दुहारी प्रतियोगिता, सर्वश्रेष्ठ दुग्धारू गोवंश और सर्वश्रेष्ठ गिर नस्ल प्रतियोगिता के साथ मेले के सर्वश्रेष्ठ पशु का चयन किया जाएगा। वहीं, 24 नवंबर को सुबह 9.30 बजे से पुराना मेला स्टेडियम में पुरस्कार वितरण और हॉर्स शो आयोजित होगा। 26 नवंबर को शाम मेले का समापन समारोह आयोजित किया जायेगा।


ट्रेंडिंग ख़बरें