24 जिलों में किसानों को मिल रही दिन में बिजली-CM भजनलाल शर्मा
(सभी तस्वीरें- हलधर)मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बेहतर प्रबंधन एवं दूरगामी निर्णयों के फलस्वरूप प्रदेश की विद्युत उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज होने के साथ ही छीजत में कमी आई है। उन्होंने प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाते हुए कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं तथा उद्योगों को निर्बाध एवं पर्याप्त बिजली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
24 जिलों में दिन में भी मिल रही है बिजली
उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित ऊर्जा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राजस्थान में अक्षय ऊर्जा में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की है। हर घर-हर खेत को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य किया जा रहा है। आज 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली मिल रही है, जिसे राज्य सरकार वर्ष 2027 में प्रदेशभर में उपलब्ध कराएगी।
परियोजनाओं को गति देने के दिए निर्देश
सीमए भजनलाल शर्मा ने कहा कि पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट्स सस्ते होने के साथ ही लंबी अवधि के लिए कारगर है। वहीं, बैट्री स्टोरेज के माध्यम से भी स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलता है। ये परियोजनाएं आने वाले समय में उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। इन प्रोजेक्ट्स की क्रियान्विति राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को इन परियोजनाओं को गति देने के निर्देश प्रदान किए।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर, मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया, ऊर्जा विभाग शासन सचिव आरती डोगरा सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।