कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को बताए आय बढ़ाने का तरीके

नई दिल्ली 17-Mar-2026 06:33 PM

कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को बताए आय बढ़ाने का तरीके

(सभी तस्वीरें- हलधर)

कृषि अनुसंधान केन्द्र (एआरएस) उम्मेदगंज, कोटा में किसानों के लिए एक विशेष किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कृषि विश्वविद्यालय कोटा के अनुसंधान निदेशालय के तत्वावधान में अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बूंदी जिले के 30 किसानों ने भाग लेकर समेकित कृषि प्रणाली और आधुनिक खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

एकल फसल उत्पादन जोखिम भरा: डॉ. एमसी जैन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विश्वविद्यालय कोटा के अनुसंधान निदेशक डॉ. एमसी जैन ने कहा कि केवल एक फसल पर निर्भर रहना किसानों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा या बाजार में उतार-चढ़ाव की स्थिति में किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए किसानों को फसल उत्पादन के साथ बागवानी, सब्जी उत्पादन, पशुपालन, मधुमक्खी पालन और मुर्गीपालन जैसी गतिविधियों को अपनाना चाहिए, जिससे वर्षभर आय के बेहतर अवसर बनते हैं।

कृषि उद्यमों के एकीकरण पर दी जानकारी

कार्यक्रम में डॉ. जेपी तेतरवाल ने किसानों को कृषि उद्यमों के एकीकरण और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं क्षेत्रीय निदेशक अनुसंधान डॉ. बीएस मीणा ने जैविक और प्राकृतिक खेती के महत्व को बताया।

एफपीओ और कीट-रोग प्रबंधन पर विशेषज्ञों के सुझाव

कार्यक्रम के दौरान डॉ. बीएल ढाका ने किसानों को एफपीओ (Farmer Producer Organization) की भूमिका और इससे मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। वहीं डॉ. डीएल यादव ने फसलों में समन्वित कीट एवं रोग प्रबंधन के महत्व को समझाया, जिससे उत्पादन लागत कम और उपज अधिक हो सकती है।

किसानों को कराया समेकित कृषि मॉडल का भ्रमण

तकनीकी सहायक सरिता और पुरुषोत्तम बिजारनिया ने किसानों को समेकित कृषि प्रणाली मॉडल का भ्रमण कराया और व्यावहारिक जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में किसानों को कृषि संबंधी आदान भी वितरित किए गए, जिससे वे अपने खेतों में नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।

Read: सरकार ने प्रदेश के करोड़ों पशुपालकों के लिए उठाया ये बड़ा कदम
Read: गेहूं कटाई के बाद खेतों में भेड़-बकरियों को न चरने दें पशुपालक, वरना...


ट्रेंडिंग ख़बरें