खाद तस्करी रोकने के लिए अब 61 चेक पोस्ट
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। सीमावर्ती जिलों से उर्वरकों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रदेश में 61 चेक पोस्ट स्थापित कर निगरानी सख्त कर दी गई है। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि खरीफ 2026 को देखते हुए उर्वरकों का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित किया गया है और किसानों को किसी प्रकार की कमी नहीं होगी। नरेश कुमार गोयल ने बताया कि उर्वरक आपूर्तिकर्ता कंपनियों ने राज्य को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। विभाग द्वारा गुण नियंत्रण अभियान चलाकर उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमितताओं पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
जैविक खेती पर जोर
बैठक में यह भी बताया गया कि किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार संतुलित उर्वरक उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक का पीओएस मशीन से भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक
आयुक्त ने बताया कि अप्रैल से सितंबर तक खरीफ सीजन के लिए 11 लाख मैट्रिक टन यूरिया, 5.10 लाख मैट्रिक टन डीएपी, 1.50 लाख मैट्रिक टन एनपीके और 4 लाख मैट्रिक टन एसएसपी की मांग स्वीकृत की गई है। केवल अप्रैल माह के लिए ही 78 हजार मैट्रिक टन यूरिया, 30 हजार मैट्रिक टन डीएपी और 28 हजार मैट्रिक टन एनपीके का आवंटन किया गया है, जिसकी आपूर्ति लगातार जारी है। वर्तमान में राज्य में 3.87 लाख मैट्रिक टन यूरिया, 80 हजार मैट्रिक टन डीएपी, 68 हजार मैट्रिक टन एनपीके और 2.08 लाख मैट्रिक टन एसएसपी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।