अंतरिक्ष में उगा धान, चीन ने पहली बार फसल काटकर रचा इतिहास
(सभी तस्वीरें- हलधर)मुख्य समाचार: नई दिल्ली। चीन ने अंतरिक्ष में खेती के क्षेत्र में नई संभावनाओं को जन्म दिया है। शेनझोउ-23 मिशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों ने पहली बार अंतरिक्ष में उगाई गई धान फसल काटी है। यह धान उन बीजों से उगाए गया, जिन्हें मई में अंतरिक्ष स्टेशन पर ले जाया गया था। चीनी न्यूज़ वेबसाइट ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, इस प्रयोग से भविष्य में अंतरिक्ष में ही भोजन उगाने की संभावना को समझने में मदद मिल सकती है।
जापोनिका चावल का उपयोग
इस प्रयोग में जापोनिका चावल के बीज इस्तेमाल किए गए हैं। इस किस्म का विकास चक्र करीब 3 से 4 महीने का होता है। बीजों को दो समूहों में रखा गया था। पहले समूह में ऐसे बीज थे, जो कभी अंतरिक्ष में नहीं गए थे। दूसरे समूह में वर्ष 2022 में अंतरिक्ष में तैयार किए गए बीज थे। इन बीजों को पृथ्वी पर तीन सीजन तक उगाने के बाद वर्तमान प्रयोग में इस्तेमाल किया गया। शेनझोउ-23 मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों ने चावल के पहले नमूनों को काटकर सुरक्षित कर लिया है। वैज्ञानिक इन नमूनों का अध्ययन करेंगे।
यह था लक्ष्य
इस प्रयोग का मकसद यह पता लगाना है कि अंतरिक्ष के कम गुरुत्वाकर्षण वाले वातावरण में चावल कैसे बढ़ता है और उसकी अगली पीढ़ी कैसी होती है। वैज्ञानिक यह जानना चाहते हैं कि अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने से चावल की आनुवंशिक स्थिरता और उसकी बढ़ने की क्षमता पर क्या असर पड़ता है।