खाद की कमी नहीं, 163 लाख मीट्रिक टन का स्टॉक तैयार

नई दिल्ली 29-Sep-2026 05:47 PM

खाद की कमी नहीं, 163 लाख मीट्रिक टन का स्टॉक तैयार

(सभी तस्वीरें- हलधर)

नई दिल्ली! अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने रबी सीजन के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का भरोसा दिलाया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2026 के दौरान कहा कि देश में रबी की बुवाई के लिए खाद, प्रमाणित बीज और आवश्यक वित्तीय संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि रबी 2026-27 के लिए राज्यों ने कुल 380 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों की मांग रखी है, जबकि देश में वर्तमान में 163 लाख मीट्रिक टन से अधिक खाद का भंडार उपलब्ध है। पिछले साल इसी समय यह भंडार 122 लाख मीट्रिक टन था।

कृषि मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतें बढ़ने का वित्तीय बोझ भारतीय किसानों पर नहीं पड़ने दिया जाएगा। राज्यों के साथ लगातार संपर्क बनाकर समय पर खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मंत्री के अनुसार, खरीफ सीजन में कुछ राज्यों के चयनित जिलों में चलाए गए पायलट प्रोजेक्ट से उर्वरक खपत में 27 प्रतिशत की कमी आई और 1400 करोड़ रुपये से अधिक की बचत हुई।


ट्रेंडिंग ख़बरें