राजस्थान-दिल्ली में उठ रही धरती, गिरता भूजल बना खतरे की वजह

नई दिल्ली 22-Jan-2026 02:16 PM

राजस्थान-दिल्ली में उठ रही धरती, गिरता भूजल बना खतरे की वजह

(सभी तस्वीरें- हलधर)

उदयपुर। एक ताजा वैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के हिस्सों में भूजल तेजी से घटने के कारण जमीन हर साल 1.5 से 4.2 मिलीमीटर तक ऊपर उठ रही है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह प्रक्रिया भविष्य में भूकंपीय गतिविधियों का जोखिम बढ़ा सकती है। इस बात का खुलासा राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान, भारतीय मौसम विभाग और मोहनलाल सुखाडय़िा विश्वविद्यालय के संयुक्त शोध में हुआ है। अध्ययन के  लिए जीआरएसीई मिशन के आंकड़ों, जीपीएस माप, वर्षा रिकॉर्ड और भूजल स्तर के 20 साल के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया।

भार में आती है कमी

शोधकर्ताओं का कहना है कि जब जमीन के नीचे से पानी निकलता है तो उसका भार कम हो जाता है, जिससे धरती की ऊपरी सतह ‘रीबाउंड’ करते हुए ऊपर उठने लगती है। दिल्ली, जयपुर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे इलाकों में लगे जीपीएस स्टेशनों ने इसे स्पष्ट रूप से दर्ज किया है।

खड़ा होगा गहरा जल संकट

वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि यदि भूजल प्रबंधन पर तुरंत और सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो जल संकट के साथ-साथ भू-भौतिकीय जोखिम भी बढ़ेंगे। उनका सुझाव है कि वर्षा जल संचयन, नियंत्रित पंपिंग और दीर्घकालिक निगरानी के बिना यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।


ट्रेंडिंग ख़बरें