क्लस्टर बनाकर होंगे नैनो के प्रदर्शन, खाते में आएगी सहायता
(सभी तस्वीरें- हलधर)टोंक। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत टोंक जिले में रबी सीजन के दौरान नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए किसानों को छिड़काव लागत पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। योजना में न्यूनतम 10 किसानों के क्लस्टर बनाकर प्रदर्शन किए जाएंगे और अनुदान डीबीटी के जरिए सीधे किसानों के खातों में दिया जाएगा।
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक रामलाल जाट ने बताया कि जिले में नैनो यूरिया के 680 हेक्टेयर और नैनो डीएपी के 476 हेक्टेयर में प्रदर्शन का लक्ष्य मिला है। नैनो यूरिया पर प्रति हेक्टेयर 1000 रुपए तथा नैनो डीएपी पर 1450 रुपए तक अनुदान मिलेगा।
योजना प्रभारी कजोड़ मल गुर्जर के अनुसार गेहूं, जौ, सरसों, चना और जीरा फसलों में प्रति किसान 0.4 से अधिकतम 10 हेक्टेयर तक प्रदर्शन किया जा सकेगा। छिड़काव कृषि विभाग के कार्मिकों की निगरानी में होगा और भौतिक सत्यापन के बाद अनुदान जारी किया जाएगा।