कृषक संवाद, किसानों की समस्याओं के समाधान की प्रभावी पहल
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी की अध्यक्षता में श्रीगंगानगर में कृषक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। चौधरी ने किसानों से जल संरक्षण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने तथा विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषक संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना है।कार्यक्रम में किसानों द्वारा सिंचाई जल, फसल बीमा, डिग्गी निर्माण, फार्म पॉण्ड, तारबंदी, जैविक खेती, कृषि ऋण, कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना, उर्वरक उपलब्धता तथा अन्य कृषि संबंधी विषयों पर दिए गए सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक बलवीर लूथरा ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर बल दिया। शरणपाल सिंह मान ने गंग नहर में सिंचाई जल की उपलब्धता बढ़ाने की मांग रखी। सतपाल कासनियां ने डिग्गी, फार्म पॉण्ड एवं तारबंदी के लक्ष्य तथा अनुदान राशि बढ़ाने का सुझाव दिया।
डॉ. बृजमोहन सहारण ने पंजाब से गंग नहर में आ रहे दूषित जल और उसके स्वास्थ्य पर पडऩे वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया। आत्माराम तरड़ ने किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सुधार तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए।
संवाद कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों ने भी विभिन्न सुझाव रखे। अनुपगढ़ के जसवंत सिंह ने जिले में कपास उत्कृष्टता केंद्र एवं कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित करने, उर्वरक उपलब्धता और सिंचाई जल की समस्या का समाधान करने की मांग की। श्री गिरधारी लाल गेदर एवं श्रीमती उर्मिला धारणिया ने जैविक खेती को बढ़ावा देने, ग्रीन हाउस एवं जैविक खेती पर अनुदान बढ़ाने का सुझाव दिया। राधेश्याम रतिवाल ने ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से फसल खरीद की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। शिवप्रकाश सहारण ने ड्रिप सिंचाई पर अनुदान बढ़ाने तथा ग्राम स्तर पर मिट्टी परीक्षण सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। मुकेश कुमार ने सिंचाई जल की चोरी रोकने तथा जर्जर पक्के खालों के पुनर्निर्माण की आवश्यकता बताई। पृथ्वीराज स्वामी ने राजियासर में नवीन कृषि उपज मंडी की स्थापना एवं पंचायत समिति गठन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदीप धेरड़, चेष्टा सरदाना, महेश पेडीवाल, भूपेन्द्र आहूजा, सत्यप्रकाश खेमका, हनुमान गोयल, श्याम धारीवाल सहित अन्य मौजूद रहे। अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार) हरबंश सिंह ने सभी अतिथियों, किसानों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक उद्यान प्रदीप शर्मा एवं सहायक कृषि अधिकारी ताराचंद लिम्बा ने किया। कार्यक्रम में जिले के प्रगतिशील किसानों, जनप्रतिनिधियों तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।