सरसों और चना की MSP खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन 15 मार्च से, जानें कब शुरू होगी खरीद

नई दिल्ली 10-Mar-2026 01:33 PM

सरसों और चना की MSP खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन 15 मार्च से, जानें कब शुरू होगी खरीद

(सभी तस्वीरें- हलधर)

राजस्थान में रबी-2026 के तहत सरसों और चना की समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद जल्द शुरू होने जा रही है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया कि भारत सरकार की स्वीकृति के बाद राजस्थान राज्य सहकारी विपणन संघ (RAJFED) द्वारा खरीद प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कोटा, अजमेर, भरतपुर और श्रीगंगानगर क्षेत्रीय कार्यालयों में 15 मार्च से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होगा और 25 मार्च, 2026 से खरीद प्रारंभ की जाएगी।

अन्य क्षेत्रों में 20 मार्च से पंजीकरण, 1 अप्रैल से खरीद

सहकारिता राज्य मंत्री दक ने बताया कि जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले जिलों में ऑनलाइन पंजीकरण 20 मार्च से शुरू होगा, जबकि खरीद प्रक्रिया 1 अप्रैल, 2026 से शुरू की जाएगी।

सरसों और चना का समर्थन मूल्य घोषित

भारत सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,200 रुपये प्रति क्विंटल और चना का 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राज्य में सरसों की 13.78 लाख मीट्रिक टन और चना की 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद की सीमा तय की गई है। जिलेवार खरीद सीमा भी ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है।

नैफेड और एनसीसीएफ करेंगे खरीद कार्य

अजमेर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों में खरीद कार्य भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (NCCF) द्वारा किया जाएगा। वहीं जयपुर, उदयपुर, श्रीगंगानगर और भरतपुर क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले 22 जिलों में खरीद की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (NAFED) को दी गई है।

क्यूआर कोड और ई-मित्र से होगा पंजीकरण

सरसों और चना बेचने के इच्छुक किसान क्यूआर कोड स्कैन कर या ई-मित्र केंद्र के माध्यम से पंजीकरण करा सकेंगे। खरीद प्रक्रिया आधार आधारित बायोमीट्रिक पहचान के जरिए ही की जाएगी। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, नैफेड और एनसीसीएफ द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिनों की अवधि में पूरी की जाएगी।

खरीद केन्द्रों पर व्यवस्थाओं के निर्देश

सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने राजफेड को निर्देश दिए हैं कि सभी खरीद केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। किसानों की सुविधा के लिए राजफेड में कॉल सेंटर 18001806001 भी स्थापित किया गया है।

साफ-सुथरी फसल लाने की अपील

मंत्री गौतम कुमार दक ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल को साफ-सुथरा कर और छानकर खरीद केन्द्रों पर लाएं, ताकि एफएक्यू गुणवत्ता मानकों के अनुसार आसानी से बिक्री हो सके और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।