पूरे राजस्थान में मौसम अलर्ट, किसान के सिर पर फिर मंडरा रहा संकट

नई दिल्ली 26-Mar-2026 07:06 PM

पूरे राजस्थान में मौसम अलर्ट, किसान के सिर पर फिर मंडरा रहा संकट

(सभी तस्वीरें- हलधर)

राजस्थान में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने 29 मार्च के लिए पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। यह सिस्टम पूरे राज्य को एक साथ प्रभावित कर सकता है, जिससे खासकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।

किसानों पर क्या होगा असर?

रबी सीजन की फसलें इस समय कटाई के चरण में हैं। ऐसे में तेज आंधी और बारिश से गेहूं, चना, सरसों जैसी फसलों को नुकसान हो सकता है। खेतों में कटी पड़ी फसल में नमी आने से दाना खराब होने और गुणवत्ता गिरने का खतरा है। वहीं तेज हवाओं से खड़ी फसल गिरने की आशंका भी बनी हुई है।

कब और कहां ज्यादा असर?

26 मार्च से बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ में हल्की बारिश की शुरुआत होगी। 27–28 मार्च को जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में असर बढ़ेगा। 29 मार्च सबसे संवेदनशील दिन रहेगा, जब पूरे राजस्थान में व्यापक स्तर पर आंधी-बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 30 मार्च को भी कई क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है।

किसान भाइयों के लिए जरूरी सलाह

कटी हुई फसल को तुरंत सुरक्षित स्थान पर रखें
खलिहान में तिरपाल की व्यवस्था रखें
मौसम खराब होने पर खेत में काम करने से बचें
बिजली गिरने के दौरान खुले में न रहें


ट्रेंडिंग ख़बरें