गौसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत का जन्मदिवस

नई दिल्ली 07-May-2026 05:35 PM

गौसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत का जन्मदिवस

(सभी तस्वीरें- हलधर)

राजस्थान के पशुपालन, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत का जन्मदिवस गुरुवार को पूरे प्रदेश में 'गौसेवा दिवस' के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर सेवा के संकल्प से जोड़ा गया, जिसके तहत प्रदेश की सभी पंजीकृत और अपंजीकृत गौशालाओं में विशाल 'पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण शिविरों' का आयोजन किया गया।

स्वास्थ्य संरक्षण और बांझपन निवारण पर रहा जोर

शिविरों का मुख्य उद्देश्य गौवंश के स्वास्थ्य का संरक्षण करना और उनकी दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि करना रहा। प्रदेशभर से आए पशुपालकों ने अपने गौवंश का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। विशेषज्ञों की टीम ने न केवल बीमार पशुओं का उपचार किया, बल्कि बांझपन से प्रभावित गायों की विशेष जांच कर उन्हें उचित परामर्श और कृत्रिम गर्भाधान की सेवाएं भी प्रदान की।

विभागीय नवाचारों का मिला लाभ

पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेशचंद मीना ने जानकारी दी कि मंत्री जोराराम कुमावत के नेतृत्व में विभाग निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, मोबाइल वेटरिनरी यूनिट और सेक्स सॉर्टेड सीमन जैसी योजनाओं ने प्रदेश के पशुपालकों की तकदीर बदली है। जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इन शिविरों में पशुओं को खुरपका-मुंहपका और लंपी जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण भी किया गया।

जागरूकता अभियान और भविष्य की योजना

  • शिविरों के दौरान पशुपालकों को केवल चिकित्सा ही नहीं, बल्कि आधुनिक प्रबंधन की शिक्षा भी दी गई। 
  • पशुओं के लिए संतुलित आहार की उपयोगिता बताई।
  • गौशालाओं में स्वच्छता प्रबंधन के गुर सिखाए।
  • मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता पंपलेट वितरित किए।

दीर्घायु की कामना

कार्यक्रम के अंत में गौशाला संचालकों, स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मंत्री जोराराम कुमावत के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की। विभाग ने संकल्प दोहराया कि पशुधन विकास और गौसंवर्द्धन के लिए ऐसे शिविर भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।


ट्रेंडिंग ख़बरें