पशुओं को हीट स्ट्रोक से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने जारी की एडवायजरी

नई दिल्ली 23-Apr-2026 04:56 PM

पशुओं को हीट स्ट्रोक से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने जारी की एडवायजरी

(सभी तस्वीरें- हलधर)

दिन पर दिन बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए पशुपालन,  गोपालन और डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत ने प्राकृतिक परिवर्तनों के प्रभाव से पशुधन को स्वस्थ रखने हेतु प्रदेश के पशुपालकों से सचेत और जागरूक रहने की अपील की है और पशुपालन विभाग को भी पशुओं के रख-रखाव पोषण और स्वास्थ्य रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाये जाने के निर्देश दिए हैं।

संक्रामक रोग की संभावना

साथ ही, उन्होंने कहा कि राज्य में गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। आगामी महीनों में तापमान बढ़ने के साथ लू और तापघात की वजह से पशुधन के स्वास्थ्य और उत्पादन क्षमता पर असर पड़ सकता है। गर्मी के वजह से पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होने से विभिन्न संक्रामक रोग की संभावना भी रहती है। 

दुधारू पशुओं पर पड़ता है असर

खासकर,  दुधारू पशुओं के दुग्ध उत्पादन पर गर्मी का बहुत असर पड़ता है। अधिक गर्मी के चलते दुधारू पशु अक्सर जल्दी बीमार पड़ते हैं और दूध देना कम कर देते हैं। जिसकी वजह से पशुपालकों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।  पशुपालन मंत्री ने कहा कि, विभाग ने पशुओं की देख भाल को लेकर समय समय पर निर्देश जारी किए जाते हैं पशुपालक उन निर्देशों का पालन करें। जरूरत पड़ने पर अपने नजदीक के पशु चिकित्सालय या उपकेंद्र में संपर्क करें।

अधिकारियों को दिए निर्देश

प्रमुख शासन सचिव पशुपालन, गोपालन तथा मत्स्य विकास सीतारामजी भाले ने भी सभी जिला पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अपने क्षेत्रों में पशुधन के लू और तापघात से बचाव के लिए विशेष प्रयास करें, पशुपालकों को जागरूक करें और सभी उपयोगी जानकारियों को विभिन्न प्रचार माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि, पशुपालकों की जागरूकता तथा समय पर उठाए गए कदम पशुधन को लू से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


ट्रेंडिंग ख़बरें