राजस्थान: 24 जिलों के किसानों को राहत के लिए सरकार ने उठाया बड़ा कदम
(सभी तस्वीरें- हलधर)प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के फैसले के तहत अब दौसा और करौली जिले के 87,801 किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे किसानों की रात में सिंचाई की मजबूरी खत्म हो जाएगी। इस फैसले से किसानों को ठंड, बारिश और जंगली जानवरों के खतरे से भी राहत मिलेगी। सरकार की इस घोषणा के साथ ही प्रदेश के अब कुल 24 जिलों के किसानों को रात में सिंचाई करने की मजबूरी से स्थायी समाधान मिल गया है।
जानकारी के अनुसार, दौसा के 52,460 और करौली के 35,341 कृषि उपभोक्ताओं को अब दिन में ही पर्याप्त वोल्टेज और निर्बाध बिजली मिलेगी। जयपुर डिस्कॉम ने इन जिलों को नई श्रेणी में शामिल करते हुए बिजली शेड्यूल को किसानों की जरूरत के अनुसार तय किया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर में हुआ बड़ा सुधार
इस बदलाव को लागू करने के लिए दौसा में 18 और करौली में 6 नए 33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन बनाए गए हैं। साथ ही ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर लोड मैनेजमेंट को बेहतर किया गया है। पीएम कुसुम योजना के तहत 17 सोलर प्लांट से 32 मेगावाट बिजली भी सप्लाई हो रही है, जिससे सिस्टम मजबूत हुआ है।
किसानों की सुरक्षा और सुविधा पर फोकस
राज्य के 24 जिलों में अब दिन के समय बिजली मिलने से किसानों को रात में खेतों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे जंगली जानवरों के हमले, दुर्घटनाओं और मौसम की मार से बचाव होगा। साथ ही किसान अब परिवार के साथ रात में समय भी बिता सकेंगे।
‘मिशन 2027’ की दिशा में बड़ी पहल
राजस्थान सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक पूरे प्रदेश में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराना है। यह योजना किसानों की सुरक्षा, उत्पादन बढ़ाने और जीवन स्तर सुधारने की दिशा में बड़ा बदलाव मानी जा रही है।