गांव मजबूत होंगे तो राजस्थान मजबूत होगा: मुख्यमंत्री

नई दिल्ली 02-Oct-2026 05:30 PM

गांव मजबूत होंगे तो राजस्थान मजबूत होगा: मुख्यमंत्री

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरपंच गांव के लोगों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की पहली कड़ी हैं। सरपंचों को ग्रामीणों से निरंतर संवाद कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर देना चाहिए।

मुख्यमंत्री तक्षशिला ऑडिटोरियम में पंचायतीराज जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती ग्राम स्वराज, स्वच्छता, स्वावलंबन और जनभागीदारी के मूल्यों की याद दिलाती है। अपने सरपंच कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत गांवों से ही मजबूत राजस्थान का निर्माण होगा।

पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि ग्राम पंचायतें विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। जनप्रतिनिधि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाएं। उन्होंने पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 1.93 लाख युवाओं को नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि 1.18 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। पंचायत स्तर पर अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 9 हजार रुपए की गई है और 76 लाख से अधिक किसानों को 14,400 करोड़ रुपए से अधिक दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण किया गया है। 327 अटल प्रगति पथों के लिए 813 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों को संदेश पत्र देकर सम्मानित किया गया।


ट्रेंडिंग ख़बरें