1100 पदों के लिए 19 अप्रैल को परीक्षा प्रस्तावित
(सभी तस्वीरें- हलधर)वेटरनरी इंटर्न भर्ती से बाहर
जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग के द्वारा अप्रैल 2026 में आयोजित की जाने वाली पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती 2025 में वेटरनरी इंटर्न को बड़ा झटका लगा है। क्योंकि, परीक्षा आयोजन तक इंटर्नशिप पूरी नहीं हो पायेगी। इस कारण इंटर्न कर रहे अभ्यर्थी भर्ती में शामिल नहीं हो पायेंगे। गौरतलब है कि 1100 पदों के लिए आयोजित होने वाले इस भर्ती के लिए 5200 से अधिक आवेदन आए है।इनमें से अब जिन अभ्यर्थियों पर संकट मंडरा रहा है, यह वह अभ्यर्थी हैं जिन्होंने 2020 में नीट अथवा आरपीवीटी के माध्यम से बीवीएससी एंड एएच में प्रवेश लिया था।
इंटर्नशिप की अनिवार्य शर्त
आयोग ने इस भर्ती परीक्षा की संभावित परीक्षा तिथि 19 अप्रैल 2026 घोषित की है। इसमें शर्त रखी गई है कि परीक्षा से पहले इंटर्नशिप पूर्ण होनी चाहिए। वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया (वीसीआई) वाले छात्रों की इंटर्नशिप समय पर समाप्त हो रही है। जबकि, राजूवास की लापरवाही के कारण स्थानीय छात्रों की इंटर्नशिप परीक्षा के लगभग दो माह बाद पूरी होगी। ऐसे में प्रदेश के ये अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा में बैठने की पात्रता नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं।