बारां में खाद संकट पर प्रशासन अलर्ट, पहुंचेगा 3 हजार एमटी डीएपी
(सभी तस्वीरें- हलधर)बारां। जिले में खाद की किल्लत और किसानों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। खाद की कालाबाजारी और अनियमित वितरण पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग की टीमें लगातार गोदामों और विक्रय केंद्रों की जांच कर रही हैं। कार्यवाहक एडीएम रामावतार मीणा एवं कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक ने क्षेत्र में पहुंचकर खाद के स्टॉक और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन के अनुसार अगले दो दिनों में जिले में 3 हजार मीट्रिक टन डीएपी की आपूर्ति होगी। इसके बाद अगले सप्ताह 3,500 मीट्रिक टन डीएपी और उपलब्ध करवाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि किसानों की आवश्यकता के अनुरूप यूरिया और डीएपी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक रूप से खाद का भंडारण न करें। साथ ही खाद की कालाबाजारी या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने को कहा गया है।