भीलवाड़ा में किसानों को मिली वैज्ञानिक तिलहनी खेती की ट्रेनिंग

नई दिल्ली 24-Dec-2025 04:46 PM

भीलवाड़ा में किसानों को मिली वैज्ञानिक तिलहनी खेती की ट्रेनिंग

(सभी तस्वीरें- हलधर)

भीलवाड़ा। कृषि विभाग के द्वारा नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल एवं ऑयल सीड्स के तहत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में किसानों को तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने और वैज्ञानिक पद्धतियों से खेती कर अधिक लाभ अर्जित करने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण शिविर में कृषि अधिकारी कजोड़मल गुर्जर ने कहा कि तिलहनी फसलों की खेती आर्थिक दृष्टि से लाभकारी है। वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। केंद्र सरकार द्वारा तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नेशनल मिशन फॉर एडिबल ऑयल शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य घरेलू तिलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ाकर खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता हासिल करना तथा आयातित खाद्य तेलों पर निर्भरता कम करना है। यह मिशन कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एग्री क्लिनिक के कृषि अनुसंधान अधिकारी जीतराम चौधरी ने कहा कि फसलों में कीट एवं व्याधि का प्रकोप दिखाई देने पर कृषि पर्यवेक्षक पैकेज ऑफ प्रैक्टिस के अनुसार किसानों को समय पर सलाह दें। यदि किसी क्षेत्र में आर्थिक क्षति स्तर से अधिक नुकसान की आशंका हो, तो रैपिड रोविंग सर्वे करवाया जाएगा।


ट्रेंडिंग ख़बरें