दो दिवसीय सेमिनार की हुई शुरुआत, कृषि मंत्री किरोड़ी ने कही ये बात
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। प्रदेश के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने राष्ट्रीय बांस मिशन परियोजना के तहत आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय सेमिनार के उद्घाटन सत्र में भाग लेकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री मीणा ने कहा कि राज्य सरकार बांस किसानों के हितों के संरक्षण, उत्पादन बढ़ाने और बांस आधारित रोजगार के अवसरों को सशक्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि बांस खेती न केवल पर्यावरण के अनुकूल है बल्कि किसानों की आय बढ़ाने का एक मजबूत विकल्प भी बनकर उभर रही है।
बांस उत्पादन को मिल रही नई दिशा
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय बांस मिशन के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाले पौधे और विपणन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बांस उत्पादन को नई दिशा मिल रही है। इस सेमिनार में उद्यान विभाग के अधिकारी, बांस कृषि विशेषज्ञ, प्रगतिशील किसान और अन्य हितधारक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बांस खेती से जुड़ी नवीन तकनीकों, प्रबंधन, प्रसंस्करण और बाजार संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
किसानों को मिलेगा नई संभावनाओं का लाभ
यह सेमिनार संवाद और तकनीकी आदान-प्रदान का एक प्रभावी मंच साबित हो रहा है, जहां विशेषज्ञों और किसानों के बीच अनुभव साझा किए जा रहे हैं। इससे बांस कृषि के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को नई संभावनाओं का लाभ मिल सकेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बांस खेती को सही दिशा और बाजार से जोड़ा जाए, तो यह आने वाले समय में किसानों की आय दोगुनी करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।