महिला कृषकों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

नई दिल्ली 16-Oct-2026 12:10 PM

महिला कृषकों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

(सभी तस्वीरें- हलधर)

श्रीगंगानगर। अंतर्राष्ट्रीय महिला कृषक दिवस के उपलक्ष्य में आत्मा योजना के तहत ग्राम श्योपुरा में रबी किसान गोष्ठी तथा कृषि विज्ञान केंद्र पदमपुर में रबी कृषक-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं पुरुष कृषकों ने भाग लिया। कृषि अनुसंधान अधिकारी (पौध व्याधि) एटीसी श्रीकरणपुर दुष्यंत शाक्य ने किसानों को रबी फसलों की उन्नत कृषि तकनीक, रोग एवं कीट प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी। उन्होंने महिला कृषकों के कौशल विकास, स्वरोजगार और कृषि आधारित व्यवसायों को बढ़ावा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उप परियोजना निदेशक (आत्मा) सुदेश कुमार ने बताया कि कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने महिला किसानों को नवीन तकनीक अपनाकर खेती से आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कृषि अधिकारी उद्यान सुचित्रा ने महिलाओं को गृह वाटिका के साथ पापड़, बड़ी, अचार और चटनी जैसे उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचने तथा अतिरिक्त आमदनी हासिल करने के तरीके बताए।

उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा) केशव कालीराना ने डिग्गी निर्माण, कृषि यंत्रों और पौध संरक्षण उपकरणों पर मिलने वाले अनुदान सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग के कार्यक्रमों में अधिक भागीदारी करने का आह्वान किया। कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डॉ. सीमा चावला ने महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण तथा कम पानी में उत्पादन देने वाली गेहूं की किस्मों के बीज वितरण सहित केंद्र की गतिविधियों की जानकारी दी।


ट्रेंडिंग ख़बरें