20 साल बाद पांचना बांध की नहरों में आज बहेगा पानी, किसानों में खुशी

नई दिल्ली 16-Jul-2026 06:22 PM

20 साल बाद पांचना बांध की नहरों में आज बहेगा पानी, किसानों में खुशी

(सभी तस्वीरें- हलधर)

करौली: जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 20 साल बाद पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। लंबे समय से चली आ रही मांग और तकनीकी बाधाओं के दूर होने के बाद आज शाम बांध के स्लूस गेट खोलकर नहरों में जल निकासी शुरू की जाएगी। इससे कमांड क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों और किसानों की मौजूदगी में होगा शुभारंभ

नहरों में पानी छोड़ने के दौरान जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा और जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही कमांड क्षेत्र के किसान प्रतिनिधि और पांचना संघर्ष समिति के सदस्य भी इस महत्वपूर्ण मौके के साक्षी बनेंगे। लंबे समय से किसान बांध की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग कर रहे थे।

तकनीकी खराबी बनी हुई थी बड़ी बाधा

दरअसल, पिछले दिनों बांध के गेटों में तकनीकी खराबी होने के कारण नहरों में पानी की निकासी नहीं हो पाई थी। गेटों में आई खराबी के चलते जल संसाधन विभाग को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद गेटों की मरम्मत का काम शुरू किया गया ताकि नहरों में पानी छोड़ा जा सके।

24 लाख रुपये की लागत से हुई मरम्मत

गेटों को ठीक करने के लिए मुंबई से विशेषज्ञ तकनीशियनों की टीम बुलाई गई। करीब 24 लाख रुपये की लागत से मरम्मत कार्य पूरा किया गया। इस दौरान रॉड प्लेट, कपलिंग और सॉकेट फिटिंग सहित कई महत्वपूर्ण हिस्सों को बदला गया। मरम्मत के बाद गेट पूरी तरह से संचालित होने की स्थिति में आ गए हैं।

अब गेटों के सुचारू रूप से काम करने के बाद आज शाम नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा और खेती कार्यों को मजबूती मिलेगी। लंबे इंतजार के बाद नहरों में पानी बहने से किसानों में खुशी का माहौल है।


ट्रेंडिंग ख़बरें