पीएम किसान की 24वीं किस्त का सीधा प्रसारण, NIBSM में जुटे 270 किसान
(सभी तस्वीरें- हलधर)रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान में राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को संबोधित किया और देशभर के पात्र किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित की।
कार्यक्रम से पहले संस्थान के निदेशक डॉ. पीके. राय ने किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि सहित केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने आगामी रबी सीजन को लेकर किसानों से संवाद किया। उन्होंने बेहतर फसल योजना बनाने के साथ पारंपरिक फसलों के बीच दलहन और तिलहन को शामिल कर फसल विविधीकरण बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से करीब 270 किसान शामिल हुए, कार्यक्रम का संचालन डॉ. केसी. शर्मा और डॉ. प्रियंका मीना ने किया।