एसीबी ने धरे 3 कृषि अधिकारी, उगाही के 2.63 लाख बरामद
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी जयपुर की विशेष अनुसंधान इकाई टीम ने राजस्थान सरकार लिखी हुई टाटा सफारी गाड़ी को रुकवाकर तीन कृषि अधिकारियों से 2,63,500 की संदिग्ध नकदी बरामद की है। यह अधिकारी भिवाड़ी और कोटपूतली औद्योगिक क्षेत्र की खाद और कीटनाशक कंपनियों से निरीक्षण के नाम पर अवैध वसूली कर जयपुर लौट रहे थे।
खुफिया इनपुट पर कार्यवाही
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को खुफिया इनपुट मिला था। सूचना थी कि जयपुर से गई कृषि विभाग के अधिकारियों की एक टीम भिवाड़ी और कोटपूतली औद्योगिक क्षेत्र में स्थित खाद और कीटनाशक निर्माण इकाइयों की चेकिंग कर रही है। यह टीम वहां की फैक्ट्रियों को कार्रवाई का डर दिखाकर अवैध रूप से मोटी रकम वसूल रही है। इस सूचना पर तत्काल एक्शन लेते हुए एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस-प्रथम डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। टीम ने शाहपुरा पुलिया पर जाल बिछाया और संदिग्ध टाटा सफारी वाहन को रुकवा लिया।
अधिकारियों से राशि बरामद
तलाशी के दौरान कृषि अधिकारी महेश कुमार मीणा के बैग से 1,48500 रुपये और कृषि अधिकारी चन्दा राम गुर्जर के बैग से 1,15000 रुपये की संदिग्ध नकद राशि बरामद हुई। वाहन में कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव और कृषि विभाग का चालक रमेश चन्द्र मीणा भी सवार थे, जिनकी भी नियमानुसार तलाशी ली गई। बरामद नकद राशि के स्रोत, औद्योगिक इकाइयों से कथित अवैध वसूली और संबंधित अधिकारियों की भूमिका के संबंध में गहन अनुसंधान किया जा रहा है।