किसानों-पशुपालकों को बताए आय बढ़ाने के आधुनिक तरीके

नई दिल्ली 23-Oct-2026 12:55 PM

किसानों-पशुपालकों को बताए आय बढ़ाने के आधुनिक तरीके

(सभी तस्वीरें- हलधर)

भरतपुर। श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 में किसानों और पशुपालकों को खेती-पशुपालन की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए दो दिवसीय तकनीकी सेमिनार शुरू हुआ। विशेषज्ञों ने सरसों की उन्नत खेती, प्राकृतिक खेती, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, मंगला पशु बीमा योजना और वन्यजीव संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर तकनीकी जानकारी दी।

सेमिनार के मुख्य अतिथि घना वर्ल्ड सेंचुरी, भरतपुर के उप वन संरक्षक पी. बाला मुरुगन (आईएफएस) रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र सोलंकी ने की, जबकि पशुपालन विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज चौधरी विशिष्ट अतिथि रहे।

मेला अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह चौधरी ने बताया कि सेमिनार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और नई तकनीकों की जानकारी किसानों-पशुपालकों तक पहुंचाकर उन्हें आय बढ़ाने के लिए जागरूक करना है। सरसों अनुसंधान केंद्र, भरतपुर के प्रधान वैज्ञानिक अशोक शर्मा ने सरसों की उन्नत किस्मों और बेहतर उत्पादन तकनीक की जानकारी दी। कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक देशराज सिंह ने प्राकृतिक खेती एवं पोषक तत्व प्रबंधन और संयुक्त निदेशक राधा रमन शर्मा ने विभागीय योजनाओं पर जानकारी साझा की।

उप वन संरक्षक पी. बाला मुरुगन ने वन्यजीव संरक्षण में समाज की भागीदारी और बेहतर समन्वय पर जोर दिया। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह डागुर और डॉ. हेमंत सिंह ने मंगला पशु बीमा योजना तथा पशु स्वास्थ्य प्रबंधन की जानकारी दी। तकनीकी सेमिनार उपसमिति के सचिव डॉ. विजय सोलंकी ने बताया कि दो दिन तक कृषि, पशुपालन और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न तकनीकी विषयों पर विशेषज्ञ किसानों और पशुपालकों का मार्गदर्शन करेंगे।


ट्रेंडिंग ख़बरें