उर्वरक की कालाबाजारी पर सख्ती, टैगिंग मिली तो विक्रेताओं पर होगी कार्रवाई
उर्वरक की कालाबाजारी पर सख्ती, टैगिंग मिली तो विक्रेताओं पर होगी कार्रवाई
(सभी तस्वीरें- हलधर)सवाई माधोपुर, 22 अक्टूबर। रबी सीजन में उर्वरकों की मांग के बीच कृषि विभाग ने खाद की कालाबाजारी, अनियमित वितरण और जबरन अन्य उत्पादों की टैगिंग पर सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने साफ किया है कि किसानों को उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य करने अथवा वितरण में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निदेशक आत्मा एवं राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान महेन्द्र कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आत्मा सभागार में कृषि आदान निरीक्षकों और उर्वरक विक्रेताओं की बैठक हुई। इसमें जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।
शर्मा ने अधिकारियों को आयुक्त कृषि की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना कराने और जिले के उर्वरक विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्वरक के साथ अन्य उत्पादों की अनिवार्य टैगिंग, कालाबाजारी या वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कृषि आदान निरीक्षकों को वितरण व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखने और निरीक्षण में गंभीरता बरतने को कहा गया है। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसानों को खाद लेने के लिए अनावश्यक परेशानी या भटकाव का सामना नहीं करना पड़े। बैठक में संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) लखपत लाल मीना, उप निदेशक आत्मा अमर सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और कृषि आदान निरीक्षक मौजूद रहे।