कृषि आयुक्त ने लॉन्च किया FFS ऐप, अब किसान घर बैठे कर सकेंगे उर्वरक की बुकिंग
कृषि आयुक्त ने लॉन्च किया FFS ऐप, अब किसान घर बैठे कर सकेंगे उर्वरक की बुकिंग
(सभी तस्वीरें- हलधर)हनुमानगढ़! कृषि विभाग के द्वारा रावतसर में आयोजित कार्यक्रम में क़ृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने फर्टिलाइजर सेल्स एप्लीकेशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार तकनीक आधारित व्यवस्था के माध्यम से अनुदानित उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए एफएफएस एप लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि किसान अब घर बैठे जीएफआर के आधार पर उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद प्राप्त क्यूआर कोड अथवा ई-टोकन के माध्यम से किसान 48 घंटे के भीतर अपने निकटतम कृषि आदान विक्रेता से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक यशवंती ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी! उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. रमेश बराला ने बागवानी फसलों को अपनाने पर बल दिया, जबकि उपनिदेशक (आत्मा) सुभाष चंद्र डूडी ने आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी।
घटाई बीमा प्रीमियम दर
कृषि आयुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसलों के लिए किसानों की प्रीमियम दर 2 प्रतिशत से घटाकर 0.3 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे अधिकाधिक किसान योजना का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने जैविक खेती को समय की आवश्यकता बताया!उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को जैविक खेती के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करा रही है, ताकि रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।
सॉयल लैब की उठी मांग
सहायक निदेशक कृषि नोहर रामप्रताप गोदारा ने रावतसर में सहायक निदेशक कृषि विस्तार कार्यालय और मृदा जांच प्रयोगशाला स्थापित करने की मांग रखी, जिस पर कृषि आयुक्त ने शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन दिया।