मिलेट्स को बढ़ावा, भोजन की बर्बादी रोकने पर जोर 

नई दिल्ली 05-Nov-2026 12:32 PM

मिलेट्स को बढ़ावा, भोजन की बर्बादी रोकने पर जोर 

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से आयोजित ‘ब्रिक्स सतत लाइफ स्टाइल वीक’ के चौथे दिन बुधवार को ‘सतत खाद्य प्रणाली अपनाएं’ थीम पर प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें मोटे अनाज, स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने के साथ भोजन की बर्बादी रोकने और पर्यावरण अनुकूल खेती अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रमों में बाजरा, ज्वार और रागी जैसे पारंपरिक अनाजों के पोषण महत्व पर जोर देते हुए आमजन को इन्हें दैनिक खानपान में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्थानीय खाद्य उत्पादों, मौसमी फल-सब्जियों और संतुलित आहार को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताया गया।

भोजन की बर्बादी रोकने के लिए विभिन्न संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को जरूरत के अनुसार भोजन परोसने, अतिरिक्त भोजन का सदुपयोग करने तथा जैविक खाद्य अपशिष्ट से कम्पोस्ट बनाने की शपथ दिलाई गई।

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने किसानों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय संस्थाओं की भागीदारी से टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित किया। इसमें जल एवं मृदा संरक्षण, प्राकृतिक और जैविक खेती तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया गया।

प्रदेशव्यापी अभियान में कृषि, उद्यानिकी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का उद्देश्य खाद्य उत्पादन से लेकर उपभोग तक की प्रक्रिया को पर्यावरण के अनुकूल बनाना और जिम्मेदार खानपान की आदतें विकसित करना रहा।


ट्रेंडिंग ख़बरें